कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में नकदी बरामदगी मामले में झारखंड के तीन विधायकों को किया निलंबित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 31 Jul 2022 06:37 PM
कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में नकदी बरामदगी मामले में झारखंड के तीन विधायकों को किया निलंबित
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने झारखंड के उन तीन विधायकों को रविवार को निलंबित कर दिया, जिनके पास से पश्चिम बंगाल के हावड़ा में कथित तौर पर भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई थी. साथ ही पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राज्य में उसकी गठबंधन सरकार को गिराने की कोशिश करने का आरोप लगाया. कांग्रेस ने जोर देकर कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली सरकार ”पूरी तरह सुरक्षित व स्थिर” है.

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) मुख्यालय में यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के झारखंड प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने तीनों विधायकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. पुलिस ने शनिवार को गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक एसयूवी को रोका था, जिसमें हावड़ा के रानीहाटी में कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन बिक्सल कोंगारी राष्ट्रीय राजमार्ग-16 से गुजर रहे थे और कथित तौर पर वाहन में भारी मात्रा में नकदी मिली.

पांडे ने कहा कि तीनों विधायक कथित रूप से झारखंड में पार्टी विधायक दल को कमजोर करने के षड्यंत्र में लिप्त थे और अन्य विधायकों को भी भ्रमित कर रहे थे. उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी नेतृत्व को इस साजिश में कौन लोग शामिल हैं, इस बारे में जानकारी है और उचित समय पर कार्रवाई की जाएगी.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास सबके बारे में सूचना है. आने वाले समय में चाहे वो जनप्रतिनिधि हों, पार्टी के पदाधिकारी हों या कोई कार्यकर्ता, जो भी इससे जुड़ा या इसमें शामिल पाया गया, पार्टी उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी.’’ कांग्रेस नेता ने जोर देकर कहा कि (झामुमो) के नेतृत्व वाली सरकार ”पूरी तरह सुरक्षित व स्थिर” है और कुछ को छोड़कर गठबंधन के सभी विधायक ऐसे प्रयासों के खिलाफ मिलकर लड़ेंगे और सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी.

पांडे ने भाजपा पर झारखंड सरकार को गिराने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनी हुई सरकारों को बेशर्म तरीके से अस्थिर करके लोकतंत्र को चकनाचूर किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया, ”झारखंड में सरकार को अस्थिर करने के लिए पिछले दो वर्षों से प्रयास किए जा रहे हैं और समय-समय पर विधायकों से संपर्क किया जाता है, उन्हें धमकाया जाता है और लुभाया जाता है. ” पांडे ने कहा कि कुछ दिन पहले भाजपा नेताओं के खिलाफ इस संबंध में प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी.

उन्होंने बिना किसी का नाम लिए दावा किया, “इन प्रयासों में एक राज्य का मुख्यमंत्री शामिल है और सीधे विधायकों से संपर्क कर रहा है और केंद्रीय मंत्री विधायकों को धमका रहे हैं.” पांडे ने महाराष्ट्र में सरकार गिराने के लिए प्रवर्तन निदेशालय का दुरुपयोग किया गया था.

कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि सरकारी एजेंसियां ??अपना काम करने के बजाय निर्वाचित सरकारों को अस्थिर करने के लिए भाजपा की शाखा के रूप में काम कर रही हैं. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को ट्विटर पर लिखा, ‘‘झारखंड में भाजपा का ‘आॅपरेशन लोटस’ आज रात हावड़ा में बेनकाब हो गया. दिल्ली में ‘हम दो’ का ‘गेम प्लान’ झारखंड में भी वही करना है, जो उन्होंने महाराष्ट्र में ई-डी जोड़ी लगाकर किया था.’’

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu