भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है झारखंड: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 31 Jul 2022 07:22 PM
भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है झारखंड: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. झारखंड से कांग्रेस के तीन विधायकों की भारी मात्रा में नकदी के साथ पश्चिम बंगाल में गिरफ्तारी के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को उस पर पलटवार किया और आरोप लगाया कि यह राज्य ‘‘भ्रष्टाचार का अड्डा’’ बन गया है. ज्ञात हो कि पश्चिम बंगाल पुलिस ने शनिवार रात गुप्त सूचना के आधार पर हावड़ा के रानीहाटी में राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर कांग्रेस के तीन विधायकों इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन बिक्सल कोंगरी को रोका था और उनके वाहन से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई थी. पुलिस ने रविवार दोपहर बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

कांग्रेस ने इसके बाद तीनों विधायकों को निलंबित कर दिया और आरोप लगाया कि भाजपा झारखंड की गठबंधन सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है. इन आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने कहा कि अपने विधायकों के भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए कांग्रेस दोष भाजपा पर मढ़ रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का बड़ा या फिर छोटा नेता हो, सभी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं.

प्रवर्तन निदेशालय की एक हालिया जांच का हवाला देते हुए इस्लाम ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से संबंधित अधिकारियों को संदिग्ध भ्रष्टाचार के मामले में पकड़ा गया है और अब कांग्रेस के तीन विधायकों को भारी मात्रा में नकदी के साथ पकड़ा गया है.
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस की सच्चाई एक बार फिर सामने आ गई है. झारखंड में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार है. राज्य सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है और झारखंड भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है.’’

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu