डिंडोरी. भारतीय जनता पार्टी के एक नेता की शिकायत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ विवादास्पद टिप्पणी के लिए लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ प्रदेश में प्राथमिकी दर्ज की गई है. एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी .
पुलिस अधिकारी ने बताया कि डिंडोरी पुलिस थाने में विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देने सहित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज प्राथमिकी को कार्रवाई के लिए नई दिल्ली के थाना संसद मार्ग में भेज दिया गया है.
डिंडोरी कोतवाली पुलिस थाना प्रभारी सी के सिरामे ने कहा कि मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री ओम प्रकाश धुर्वे की शिकायत पर चौधरी के खिलाफ आईपीसी की धारा 153 (ए) (1) और 505 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
उन्होंने कहा, ‘‘प्राथमिकी को डिंडोरी के पुलिस अधीक्षक संजय सिंह ने अवलोकन और जांच के लिए दिल्ली पुलिस को स्थानांतरित कर दिया है.’’ सिंह ने रविवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि चूंकि यह घटना नई दिल्ली में हुई थी, इसलिए प्राथमिकी को कार्रवाई के लिए नई दिल्ली के थाना संसद मार्ग में भेज दिया गया है.
अपनी शिकायत में धुर्वे ने दावा किया कि चौधरी की टिप्पणी से आदिवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंची है. हालांकि, चौधरी ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से अपनी उस टिप्पणी के लिए माफी मांग ली, जिसमें उन्होंने राष्ट्रपति को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहकर संबोधित किया था. उनके इस बयान के कारण संसद के अंदर और बाहर भारी हंगामा हुआ था.