अभिनेता मिथिलेश चतुर्वेदी का हृदय गति रुकने से निधन

मुंबई. बॉलीवुड अभिनेता मिथिलेश चतुर्वेदी का बृहस्पतिवार सुबह हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया. अभिनेता के परिवार के एक सदस्य ने यह जानकारी दी. ‘गदर: एक प्रेम कथा’, ‘कोई मिल गया’ और ‘रेडी’ फिल्म में अपने अभिनय से उन्होंने खासी लोकप्रियता हासिल की थी. चतुर्वेदी(67) को दस दिन पहले दिल का दौरा पड़ने के कारण उपनगरीय मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

अभिनेता के दामाद आशीष चतुर्वेदी ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘वह आठ-दस दिनों से अस्पताल में भर्ती थे. दिल का दौरा पड़ने पर उन्हें भर्ती कराया गया था. उन्हें सांस लेने में तकलीफ थी और उनका इलाज चल रहा था. आज तड़के करीब चार बजे हृदय गति रुक जाने के कारण उनका निधन हो गया.’’ मिथिलेश चतुर्वेदी ने ‘ताल’, ‘फिजÞा’, ‘अशोका’, ‘बंटी और बबली’, ‘कृष’ और ‘गुलाबो सिताबो’ जैसी यादगार फिल्मों में भी काम किया. उन्हें अंतिम बार वेब सीरीज ”स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी” में देखा गया था. फिल्मकार हंसल मेहता ने अभिनेता के निधन पर शोक प्रकट किया.

मेहता ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘ मिथिलेश जी की आत्मा को शांति मिले.’’ अभिनेता ने 2020 में आई वेब सीरीजÞ में वरिष्ठ वकील और पूर्व केंद्रीय मंत्री राम जेठमलानी की भूमिका निभाई थी. निर्देशक अनीस बज्मी ने कहा कि उनके लिए अभिनेता के निधन पर यकीन कर पाना मुश्किल हो रहा है. उन्होंने ट्विटर पर कहा, ‘‘ उनसे कुछ दिन पहले ही बात की थी और अब यह खबर मिली. ऐसे रत्न को खोना सच में दुखद है जिनके साथ काम करने और समय बिताने में खुशी होती थी. उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं. मिथिलेश भाई की आत्म को शांति मिले.’’ ‘सेक्रेड गैम्स’ की अभिनेत्री कुब्रा सैत ने कहा कि चतुर्वेदी एक बेहतरीन अभिनेता थे. मशहूर टीवी अभिनेत्री डेलनाजÞ ईरानी ने चतुर्वेदी को एक शानदार अभिनेता बताया जिन्होंने बेहतरीन भूमिकाएं निभाईं.

पटकथाकार एवं गीताकर मयूर पूरी ने ट्वीट किया, ‘‘ मिथिलेश चतुर्वेदी की आत्मा को शांति मिले.’’ सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (सिनटा) के आधिकारिक ट्विटर पेज पर कहा गया, ‘‘ सिनटा मिथिलेश चतुर्वेदी के निधन पर शोक व्यक्त करती है.’’ अभिनेता का अंतिम संस्कार शाम में वर्सोवा के एक श्मशान घाट में कर दिया गया. मिथिलेश चतुर्वेदी के परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button