नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि केंद्र सरकार की कल्याणकारी नीतियां समाज के विभिन्न पिछड़े व वंचित वर्गों को लक्षित योजनाओं से सशक्त करती हैं वहीं कुछ पार्टियां मुफ्त की चीजें बांटकर राजनीतिक लाभ के लिए ‘‘रेवड़ी’’ संस्कृति में व्यस्त हैं.
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘रेवड़ी संस्कृति राजनीतिक फायदे के लिए लॉलीपॉप बांटना है और इससे लोगों के जीवन में कोई बदलाव नहीं आता. यह संस्कृति करदाताओं के पैसों का दुरूपयोग करती है, जिसमें गरीबों के एवज में फायदा अमीरों को पहुंचता है.’’ ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल के दिनों में राजनीति में ‘‘रेवड़ी’’ संस्कृति के मुद्दे को जोरशोर से उठाया है और ऐसी राजनीति करने वाले दलों पर निशाना साधा है.
पूनावाला ने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस मुद्दे को उठाते वक्त किसी का नाम नहीं लिया है लेकिन आम आदमी पार्टी के नेता और मुख्यमंत्री अरंिवद केजरीवाल द्वारा इस मुद्दे पर बचाव के लिए सामने आना यह दर्शाता है कि उनमें अपराध का भाव है.
उन्होंने केजरीवाल द्वारा 500 नये स्कूल खोले जाने के वादे का उल्लेख करते हुए दावा किया कि असलियत में राजधानी में दो दर्जन स्कूल बंद कर दिए गए हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल मुफ्त शिक्षा, पानी, स्वास्थ्य और बिजली की जगह ‘‘मुफ्त में भ्रष्टाचार, प्रदूषण, विज्ञापन और शराब बांट रहे हैं.’’ पूनावाला ने दावा किया कि दिल्ली सरकार के 1,027 स्कूलों में 700 से अधिक स्कूलों की कक्षा 11वीं और 12वीं में विज्ञान और वाणिज्य के शिक्षक नहीं हैं और 745 से अधिक स्कूल ऐसे हैं, जिनमें प्रधानाध्यापक नहीं हैं.
उन्होंने दावा किया कि 418 स्कूलों में उप-प्रधानाध्यापक नहीं हैं .उन्होंने सूचना का अधिकार से प्राप्त एक जानकारी के हवाले से कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के छात्रों के लिए आरक्षित 40,000 सीटें खाली हैं. उन्होंने कहा कि इसके लिए अदालत ने भी दिल्ली सरकार को फटकार लगाई है. भाजपा प्रवक्ता ने आप की सरकार में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और कहा कि केजरीवाल ऐसे मामले में आरोपी अपने मंत्रियों सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया और दिल्ली वक्फ बोर्ड के प्रमुख अमानुल्लाह खान को बचा रहे हैं.
भाजपा ने आप पर खिलाड़ियों का अपमान करने का आरोप लगाया
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी (आप) पर राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता दिव्या काकरान को कथित तौर पर निशाना बनाकर ‘‘महिलाओं और खिलाड़ियों’’ का अपमान करने का आरोप लगाया. भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि आप की सोशल मीडिया टीम ने काकरान को ट्रोल किया और उसके नेता सौरभ भारद्वाज ने ‘‘अपमानजनक ढंग से’’ उनसे प्रमाणपत्र दिखाने के लिए कहा.
गौरतलब है कि काकरान ने मुख्यमंत्री अरंिवद केजरीवाल की अगुवाई वाली सरकार से कोई भी वित्तीय सहायता न मिलने की शिकायत की थी. पूनावाला ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इसके बाद काकरान ने दिल्ली का प्रतिनिधत्व करने के संबंध में प्रमाणपत्र दिखाया. उन्होंने आरोप लगाया कि आप का उन लोगों का अपमान करने का इतिहास रहा है, जो राष्ट्र ध्वज का सम्मान बढ़ाते हैं चाहे वे सैनिक हों या खिलाड़ी. उन्होंने केजरीवाल से भारद्वाज को पार्टी के सभी पदों से बर्खास्त करने को कहा.
भाजपा प्रवक्ता ने ‘रेवड़ी संस्कृति’ की बार-बार आलोचना करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधने को लेकर भी केजरीवाल की आलोचना की. उन्होंने कहा कि मोदी ने किसी का नाम नहीं लिया लेकिन आप नेता अपराध बोध के कारण इसका बचाव करने लगे. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार लक्षित योजनाओं के साथ समाज के विभिन्न वंचित वर्गों को सशक्त कर रहे हैं जबकि अन्य राजनीतिक दल चुनावों से पहले हर किसी को ‘‘रेवड़ी’’ बांटते हैं और वह भी बिना इसकी परवाह किए कि ऐसी योजनाएं लागू की जा सकती है या नहीं.