नयी नीतीश सरकार में कांग्रेस के होंगे तीन मंत्री : कांग्रेस नेता भक्तचरण दास

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Aug 2022 06:09 PM
नयी नीतीश सरकार में कांग्रेस के होंगे तीन मंत्री : कांग्रेस नेता भक्तचरण दास
ऑडियो सुनें

पटना. बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनी महागठबंधन की नयी सरकार में कांग्रेस को तीन मंत्री पद मिलेंगे. यह जानकारी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भक्तचरण दास ने रविवार को दी. अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी (एआईसीसी) की बिहार इकाई के प्रभारी दास ने कहा कि कांग्रेस के दो विधायक 16 अगस्त को मंत्री पद की शपथ लेंगे जबकि एक और विधायक को अगले मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान सरकार में शामिल किया जाएगा.

उन्होंने कहा, ‘‘बिहार की महागठबंधन सरकार में कांग्रेस को कितने मंत्री पद देने हैं,इस संबंध में निर्णय को अंतिम रूप दिया जा चुका है. कांग्रेस को कुल तीन मंत्री पद मिलेंगे.’’ दास ने कहा, ‘‘दो कांग्रेस विधायक 16 अगस्त को मंत्री पद की शपथ लेंगे,तब मुख्यमंत्री द्वारा मंत्रिमंडल विस्तार करने की उम्मीद है. वहीं, एक और विधायक को 16 अगस्त के बाद होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी.’’ उन्होंने बताया कि अबतक तय नहीं है कि किस कांग्रेस विधायक को मंत्री पद दिया जाएगा.

दास ने कहा, ‘‘सोमवार को हम अपने उन विधायकों के नाम तय करेंगे जो नीतीश कुमार मंत्रिमंडल के हिस्सा होंगे.’’ उल्लेखनीय है कि इससे पहले कांग्रेस सूत्रों ने संकेत दिया था कि पार्टी नयी सरकार में चार मंत्री पद चाहती थी. नयी महागठबंधन सरकार में मौजूदा समय में मुख्यमंत्री के अलावा केवल उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव हैं और 16 अगस्त को मंत्रिमंडल विस्तार की उम्मीद है.

नीतीश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से नाता तोड़ने के बाद बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और कुछ अन्य दलों के साथ मिलकर सरकार बनाई थी. गौरतलब है कि महागठबंधन में सात पार्टियां हैं, जिनमें जद (यू), राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस, भाकपा (माले), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और ंिहदुस्तान अवाम मोर्चा (हम) शामिल हैं. 243 सदस्यीय विधानसभा में महागठबंधन के 160 सदस्य से अधिक है.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu