युवाओं में नई चेतना के लिए मोदी ने अगले 25 साल को भारत का अमृत काल घोषित किया : आरिफ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 22 Aug 2022 06:38 PM
युवाओं में नई चेतना के लिए मोदी ने अगले 25 साल को भारत का अमृत काल घोषित किया : आरिफ
ऑडियो सुनें

बहराइच. केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं में नई चेतना पैदा करने के लिए ‘अगले 25 साल-भारत के अमृतकाल’ घोषित किया है ताकि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सपनों को पूरा किया जा सके. बहराइच में रविवार की रात रोटरी क्लब द्वारा आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों की तमन्ना थी कि आने वाली नस्लें स्वाभिमान से जियें, इसी सपने को साकार करने तथा देश के युवाओं में एक नयी चेतना पैदा करने के लिए प्रधानमंत्री ने अगले 25 साल अमृत काल घोषित किए हैं.

उन्होंने कहा कि ”हममें से बहुत से लोग आजादी का सौवां वर्ष तो शायद ना देख सकें, लेकिन युवा पीढ़ी के लिए इस अमृत काल या अमृत महोत्सव की घोषणा एक नई चेतना पैदा करने के लिए की गयी है, जिससे आजादी के सौ साल पूरे होने या उससे पहले हम अपने उन स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार कर सकें जिन्होंने देश को आजाद कराने के लिए अपनी कुर्बानियां दी हैं.”

खान ने कहा, ”कुर्बानी देते समय उन स्वतंत्रता सेनानियों ने ना तो आजादी की सुबह को देखने का सोचा होगा और ना ही वह आजादी की सुबह देख सके, लेकिन उन्होंने इतनी तपस्या, इतना त्याग और कुर्बानियां सिर्फ इसलिए दीं ताकि भारत में आने वाली नस्लें स्वाभिमान के साथ सर उठा के चल सकें.” उन्होंने कहा कि आज देश की बड़ी आवश्यकता अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को शिक्षा देने और शिक्षा के लिए आधारभूत ढांचा प्रदान करने की है. खान अपने दो दिवसीय दौरे पर बहराइच आए हैं. यहां उन्होंने रविवार देर रात तक रोटरी क्लब के समारोह में भाग लिया. सोमवार को भी उन्होंने कई कार्यक्रमों में शिरकत की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu