‘भारत जोड़ो’ यात्रा मेरे लिए ‘तपस्या’, लंबी लड़ाई के लिए तैयार हूं: राहुल गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 22 Aug 2022 08:37 PM
‘भारत जोड़ो’ यात्रा मेरे लिए ‘तपस्या’, लंबी लड़ाई के लिए तैयार हूं: राहुल गांधी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी की प्रस्तावित ‘भारत जोड़ो’ यात्रा के संदर्भ में सोमवार को सिविल सोसायटी के कई प्रमुख लोगों के साथ बैठक की और कहा कि यह यात्रा उनके लिए ‘तपस्या’ की तरह है तथा भारत को एकजुट करने की लंबी लड़ाई के लिए वह तैयार हैं.

राहुल गांधी के साथ यहां हुई बैठक में ‘स्वराज इंडिया’ के योगेंद्र यादव, योजना आयोग की पूर्व सदस्य सैयदा हमीद, ‘एकता परिषद’ के पीवी राजगोपाल, सफाई कर्मचारी आंदोलन के बेजवाड़ा विल्सन और कई अन्य सामाजिक एवं गैर सरकारी संगठनों के करीब 150 प्रतिनिधि शामिल हुए. इस बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय ंिसह, जयराम रमेश और पार्टी के कई अन्य नेता शामिल हुए.
बैठक के बाद सिविल सोसायटी के प्रतिनिधियों ने घोषणा की कि वे देश को जोड़ने के इस अभियान से जुड़ेंगे और आने वाले दिनों में इसके समर्थन में अपील भी जारी करेंगे.

सूत्रों ने बताया, ‘‘राहुल गांधी ने इस यात्रा के उद्देश्य का उल्लेख करते हुए कहा कि इस यात्रा में मेरे साथ कोई चले न चले, मैं अकेला चलूंगा.’’ सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने सिविल सोसायटी के प्रतिनिधियों से कहा, ‘‘मैं जानता हूं कि यह (देश को जोड़ने की) लंबी लड़ाई है. मैं इस लड़ाई के लिए तैयार हूं.’’ सूत्रों ने बताया, ‘‘राहुल गांधी ने कहा कि वह इस यात्रा को अपने लिए तपस्या मानते हैं.’’

सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने बैठक में कहा, ‘‘भारत की राजनीति का ध्रुवीकरण हो गया है. हम अपनी यात्रा में लोगों को बताएंगे कि कैसे एक तरफ आरएसएस की विचारधारा है और दूसरी तरफ हम लोगों की सबको साथ लेकर चलने की विचारधारा है…हम इस विश्वास को लेकर यात्रा शुरु कर रहे हैं कि भारत के लोग तोड़ने की नहीं, बल्कि जोड़ने की राजनीति चाहते हैं.’’ बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने संवाददाओं से कहा, ‘‘भारत जोड़ो यात्रा के संदर्भ में यह बैठक हुई. करीब डेढ़ घंटे के लिए सवाल-जवाब हुए. करीब 35-40 लोगों ने सवाल किए. राहुल गांधी ने जवाब दिया कि हम यात्रा क्यों निकाल रहे हैं, इस यात्रा का क्या मकसद है, किस राजनीतिक संदर्भ में इस यात्रा की कल्पना की गई थी?’’

उन्होंने बताया, ‘‘राहुल गांधी जी ने कहा कि ‘भारत जोड़ो’ यात्रा के तीन प्रमुख स्तंभ आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक हैं. देश के सामने आर्थिक चुनौतियों, सामाजिक चुनौतियों और राजनीतिक चुनौतियों के मुद्देनजर कांग्रेस एक राजनीतिक, लेकिन दलगत राजनीति से ऊपर उठकर यात्रा निकाल रही है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने अलग-अलग दलों और संगठनों से कहा है कि अगर वो यह मानते हैं, संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाएं खतरे में हैं तो वो इस यात्रा में शामिल हों.’’

इस बैठक के बाद योगेंद्र यादव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘दिन भर की बातचीत के बाद यह राय बनी कि हम सर्वसम्मति से इस यात्रा का स्वागत करते हैं और अपने-अपने तरीके से इस यात्रा से जुड़ेंगे.’’ उन्होंने कहा, ‘‘आने वाले दिनों में हम अपील जारी करेंगे कि दूसरे जन संगठन भी इस यात्रा से जुड़ें.’’ कांग्रेस की यह यात्रा सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से आरंभ होगी, जो 3500 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए कश्मीर में समाप्त होगी. कांग्रेस का कहना है कि इस यात्रा में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और समान विचारधारा के लोग शामिल हो सकते हैं.

प्रधानमंत्री बताएं कि गुजरात में मादक पदार्थ का जहर कौन फैला रहा है : राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुजरात में पिछले कुछ महीनों के दौरान बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की हुई बरामदगी को लेकर सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बताना चाहिए कि महात्मा गांधी और सरदार पटेल की धरती पर यह जहर कौन फैला रहा है.

उन्होंने ट्वीट किया, “गुजरात में ‘ईज आॅफ डूइंग ड्रग बिजनेस’ (मादक पदार्थ का कारोबार करने की सुगमता) है ?” कांग्रेस नेता ने कहा, “प्रधानमंत्री जी, जवाब दीजिए कि गुजरात में हजÞारों करोड़ रुपये के मादक पदार्थ पहुंच रहे हैं, गांधी-पटेल की पावन भूमि पर यह जÞहर कौन फैला रहा है? बार-बार मादक पदार्थ बरामद होने के बावजूद, पोर्ट के मालिक से अब तक कोई पूछताछ क्यों नहीं हुई?”

राहुल गांधी ने यह सवाल भी किया, “गुजरात में ड्रग कार्टेल चलाने वालों को एनसीबी एवं अन्य सरकारी एजेंसियां अब तक क्यों नही पकड़ पायीं? केंद्र और गुजरात की सरकार में बैठे वह कौन लोग हैं जो माफिया ‘मित्रों’ को संरक्षण दे रहे हैं?” उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री जी, कब तक मौन रहेंगे, जवाब तो देना ही पड़ेगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu