राजा सिंह की पैगंबर मोहम्मद पर की गई टिप्पणी को लेकर प्रदर्शन, हैदराबाद में अतिरिक्त बल तैनात

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 24 Aug 2022 09:19 PM
राजा सिंह की पैगंबर मोहम्मद पर की गई टिप्पणी को लेकर प्रदर्शन, हैदराबाद में अतिरिक्त बल तैनात
ऑडियो सुनें

हैदराबाद/इस्लामाबाद. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निलंबित विधायक राजा सिंह की पैगंबर मोहम्मद को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ रातभर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद बुधवार को सुबह शहर के कुछ हिस्सों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया. कुछ शैक्षणिक संस्थान भी किसी अप्रिय घटना की आशंका के कारण बंद रहे.

आॅल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के विधायक सैयद अहमद पाशा कादरी ने बुधवार को तेलंगाना विधानसभा के अध्यक्ष पी. श्रीनिवास रेड्डी को पत्र लिखा और पैगंबर मोहम्मद के बारे में कथित रूप से टिप्पणी करने को लेकर सदन में भाजपा के नेता टी. राजा सिंह के खिलाफ ‘निष्कासन’ की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया. विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है.

भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि टीआरएस मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के परिवार पर लगे कुछ आरोपों से ध्यान हटाने के लिए सांप्रदायिक दंगे भड़काने की कोशिश कर रही है जबकि सत्तारूढ़ पार्टी ने ध्रुवीकरण की राजनीति के लिए भाजपा की आलोचना की. सिंह की रिहाई से नाराज लोग मंगलवार देर रात सड़कों पर उतर आए, जिसके बाद चारमीनार इलाके सहित शहर के कई हिस्सों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया.

विधायक ने स्टैंड-अप कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी और धर्म विशेष की आलोचना करते हुए सोमवार को एक वीडियो जारी किया था. वीडियो में सिंह धर्म के खिलाफ कथित तौर पर कुछ टिप्पणी करते दिख रहे हैं. वीडियो सोशल मीडिया मंचों पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने उन्हें मामले में गिरफ्तार कर लिया था. हालांकि, बाद में एक स्थानीय अदालत ने उन्हें जमानत दे दी थी.

सहायक पुलिस आयुक्त (चारमीनार) जी. बिक्षम रेड्डी ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ जहां भी आवश्यकता थी वहां अतिरिक्त बल तैनात किया गया है. रात को प्रदर्शन किया गया था. हालांकि स्थिति अब शांतिपूर्ण बनी हुई है. ’’ एआईएमआईएम के विधायक पुराने शहर के कई हिस्सों में पहुंचे जहां बड़ी संख्या में मुस्लिम युवकों ने काले झंडे लेकर विरोध प्रदर्शन किया. पार्टी के सूत्रों ने यह जानकारी दी.

पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित विवादित टिप्पणी पर हंगामे के बाद भाजपा ने सिंह को पार्टी से निलंबित कर दिया था.
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डी. एस. चौहान ने कहा कि स्थिति पूरी तरह से शांतिपूर्ण है और नियंत्रण में है. उन्होंने बताया कि अभी किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है. हालांकि टीवी की कुछ फुटेज में देखा जा सकता है कि कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने एहतियातन हिरासत में ले लिया.

एआईएमआईएम के विधायक सैयद अहमद पाशा कादरी ने बुधवार को तेलंगाना विधानसभा के अध्यक्ष रेड्डी को पत्र लिखा और पैगंबर मोहम्मद के बारे में कथित रूप से टिप्पणी करने को लेकर सदन में भाजपा के नेता टी. राजा सिंह के खिलाफ ‘निष्कासन’ की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया. कादरी ने अपने पत्र में लिखा है, सिंह ने सोमवार को पैगंबर मोहम्मद और इस्लाम के खिलाफ बयान दिया था जिससे देश भर के मुसलमानों की भावनाएं आहत हुई हैं और यह विधानसभा सदस्य के रूप में उनके शपथ का स्पष्ट उल्लंघन है.

एआईएमआईए के नेता ने कहा, ‘‘राजा सिंह ने बार-बार मुसलमानों के खिलाफ ंिहसा भड़काई है और दुश्मनी, घृणा तथा गलत मंशा को बढ़ावा दिया है. ऐसे में उन्होंने भारत की अखंडता को बनाए रखने के अपने शपथ का भी उल्लंघन किया है. यह बयान ताजा उदाहरण है कि वह सदन के सदस्य बने रहने योग्य नहीं हैं.’’

इस बीच कांग्रेस की तेलंगाना इकाई के नेता राशिद खान ने यह बयान देकर एक विवाद खड़ा कर दिया है कि वह राजा सिंह प्रकरण को लेकर शहर के पूरे गोशामहल क्षेत्र को ‘जला देंगे.’ सामने आये एक वीडियो में राशिद खान ने के. चंद्रशेखर राव की सरकार को चेतावनी जारी करते हुए कथित तौर पर कहा था कि अगर 23 अगस्त को राजा सिंह को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह गोशामहल को जला देंगे. उन्होंने कहा था, ‘‘हम यहां तमाशा देखने नहीं आए हैं. हम सड़कों पर आएंगे.’’

पाकिस्तान ने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ टिप्पणी करने वाले भाजपा के निलंबित विधायक की निंदा की
पाकिस्तान ने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के लिए तेलंगाना से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निलंबित विधायक टी. राजा सिंह की बुधवार को निंदा की. पाकिस्तान ने भारत सरकार से कथित तौर पर बार-बार अपमानजनक टिप्पणी कर मुस्लिमों की भावनाओं को आहत करने वाले भाजपा नेताओं के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने की भी मांग की. पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने यहां जारी बयान में कहा कि गत तीन महीने में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं द्वारा पैगंबर के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का यह दूसरा मामला है.

कार्यालय ने कहा, ‘‘इन अति अपमानजनक टिप्पणियों से पाकिस्तान के लोगों समेत पूरी दुनिया के करोड़ों मुस्लिमों की भावनाएं आहत हुई हैं.’’ बयान में कहा गया कि भाजपा द्वारा राजा सिंह के खिलाफ की गई ‘‘प्रतीकात्मक और हल्की अनुशासनात्मक कार्रवाई’’ भारत और पूरी दुनिया के मुसलमानों की पीड़ा और आक्रोश को शांत नहीं कर सकती.

पाकिस्तान के विदेश विभाग ने कहा कि यह बेहद निंदनीय है कि सिंह को कुछ घंटों के भीतर ही जमानत पर रिहा कर दिया गया.
पाकिस्तान ने इसके साथ ही भारत सरकार से तत्काल और निर्णायक कार्रवाई करने की मांग की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu