जम्मू-कश्मीर के राजौरी में नियंत्रण रेखा के पास मारे गए दो आतंकवादियों के शव बरामद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 24 Aug 2022 07:55 PM
जम्मू-कश्मीर के राजौरी में नियंत्रण रेखा के पास मारे गए दो आतंकवादियों के शव बरामद
ऑडियो सुनें

जम्मू. सेना ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास मारे गए दो आतंकवादियों के शव बुधवार को बरामद कर लिये. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. सैनिकों ने सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि में नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के इस ओर घुसपैठ की कोशिश कर रहे दो आतंकवादियों को मार गिराया था. सेना के एक अधिकारी ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान दोनों आतंकवादियों के शव बरामद हुए.

एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि एक ‘क्वॉडकॉप्टर’ की मदद से उस क्षेत्र की टोह ली गई, जहां घुसपैठ का प्रयास किया गया था. इस दौरान दो शव देखे गए. अधिकारियों के अनुसार संदिग्ध आतंकवादियों के एक समूह ने अंधेरे का फायदा उठाकर सीमा पार से नौशेरा के लाम क्षेत्र के पुखरनी गांव में घुसने की कोशिश की थी. उन्होंने बताया कि आतंकवादियों में से एक ने सोमवार रात करीब 10 बजे एक बारूदी सुरंग पर कदम रख दिया, जिससे विस्फोट हुआ.

रविवार को लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के एक ‘गाइड’ को घायल हालत में गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद घुसपैठ की यह कोशिश हुई थी. पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के कोटली के सब्जकोट गांव के रहने वाले तबारक हुसैन (32) को पिछले छह साल में दूसरी बार सीमा के इस ओर घुसपैठ की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया गया था. अधिकारियों ने कहा कि उसने पाकिस्तानी सेना की एक खुफिया इकाई के लिए भी काम किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu