सिसोदिया ने लॉकर की तलाशी में CBI को कुछ नहीं मिलने का दावा किया, अफसरों ने कहा- जांच जारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 Aug 2022 08:45 PM
सिसोदिया ने लॉकर की तलाशी में CBI को कुछ नहीं मिलने का दावा किया, अफसरों ने कहा- जांच जारी
ऑडियो सुनें

गाजियाबाद. दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को कहा कि केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को उनके लॉकर की तलाशी के दौरान कुछ नहीं मिला. वहीं, अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली सरकार की आबकारी नीति 2021-22 के कार्यान्वयन में कथित अनियमितताओं से जुड़ी सीबीआई जांच अभी भी जारी है और इसमें आरोपित लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है.

सिसोदिया और उनकी पत्नी उस समय मौजूद थे जब सीबीआई की चार सदस्यीय टीम ने राष्ट्रीय राजधानी के बाहरी इलाके वसुंधरा, गाजियाबाद में पंजाब नेशनल बैंक की एक शाखा में लॉकर की तलाशी ली . तलाशी करीब दो घंटे तक चली. आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सिसोदिया उन 15 लोगों और संस्थाओं में शामिल हैं, जिन्हें इस मामले में दर्ज सीबीआई की प्राथमिकी में नामजद किया गया है. तलाशी खत्म होने के बाद सिसोदिया ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि सीबीआई दबाव में काम कर रही है.

उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, “मेरे घर की तरह, उन्हें मेरे लॉकर में भी कुछ नहीं मिला. मेरे बच्चों, मेरी पत्नी के लगभग 70,000-80,000 रुपये के आभूषण … मुझे खुशी है कि मुझे आज की तलाशी में सीबीआई से क्लीन चिट मिली. उन्हें मेरे लॉकर या आवास की तलाशी से कुछ भी (अभियोगकारी) नहीं मिला है.” दिल्ली के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वह खुश हैं कि ”प्रधानमंत्री ने मेरे घर पर छापेमारी करवाई, लेकिन कुछ नहीं मिला.”

सिसोदिया ने कहा, ”आज, उन्होंने मेरे लॉकर की तलाशी लेने के लिए सीबीआई को भेजा, लेकिन कुछ भी नहीं मिला. यह इस बात का सबूत है कि मैं और मेरा परिवार प्रधानमंत्री द्वारा कराई गई सभी पूछताछ में बरी हो गए हैं. मुझे सभी मामलों में क्लीन चिट मिल गई है.” उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री द्वारा कराई गई जांच में एक भी पैसा नहीं मिला, जिसपर संदेह किया जा सके. मुझे अपनी सच्चाई पर पूरा भरोसा है.” सिसोदिया ने कहा कि सीबीआई के सभी अधिकारियों ने उनके और परिवार के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया.

उन्होंने कहा, ”हमने भी सहयोग किया. (सीबीआई) ने अनौपचारिक रूप से स्वीकार किया है कि कुछ भी संदिग्ध नहीं है, लेकिन वे कुछ खोजने के लिए किसी तरह के दबाव में हैं ताकि मुझे दो से तीन महीने के लिए जेल में रखा जा सके.” सिसोदिया ने मुस्कुराते हुए कहा, ”प्रधानमंत्री की ओर से मुझे दो से तीन महीने के लिए जेल में डालने का दबाव है…सत्य की जीत होगी.” इससे पहले सुबह के समय जब सिसोदिया और सीबीआई की टीम बैंक पहुंची, तो मीडियार्किमयों के बीच धक्का मुक्की हुई और भीड़ जमा हो गई.

सिसोदिया ने सोमवार को ट्वीट किया था, ”सीबीआई का स्वागत है.” उन्होंने लिखा था, “कल सीबीआई हमारा बैंक लॉकर देखने आ रही है. 19 अगस्त को मेरे घर पर 14 घंटे के छापे में कुछ नहीं मिला था. लॉकर में भी कुछ नहीं मिलेगा. सीबीआई का स्वागत है. जांच में मेरा और मेरे परिवार का पूरा सहयोग रहेगा.” सीबीआई ने 19 अगस्त को इस मामले में सिसोदिया के आवास समेत 31 स्थानों पर छापे मारे थे.

सिसोदिया का कहना है कि उन्हें एक झूठे मामले में आरोपी बनाया गया है, ताकि मुख्यमंत्री अरंिवद केजरीवाल को आगे बढ़ने से रोका जा सके जो 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकल्प के तौर पर उभरे हैं. दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को विधानसभा के विशेष सत्र में कहा था कि राज्य की सरकारों को गिराने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार एक ‘‘सीरियल किलर’’ की तरह बर्ताव कर रही है. उन्होंने यह भी कहा था कि उनके खिलाफ दर्ज सीबीआई की प्राथमिकी “फर्जी” तथा “महज सूत्रों” पर आधारित है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu