‘भारत जोड़ो यात्रा’ में राहुल गांधी के साथ चलेंगे खेड़ा, कन्हैया समेत 117 ‘भारत यात्री’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 01 Sep 2022 06:54 PM
‘भारत जोड़ो यात्रा’ में राहुल गांधी के साथ चलेंगे खेड़ा, कन्हैया समेत 117 ‘भारत यात्री’
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस की सात सितंबर से आरंभ होने वाली ‘भारत जोड़ो’ यात्रा में राहुल गांधी के साथ कुल 117 नेता कन्याकुमारी से कश्मीर तक पदयात्रा करेंगे. इनमें पार्टी के मीडिया एवं प्रचार प्रमुख पवन खेड़ा और युवा नेता कन्हैया कुमार शामिल हैं. कन्याकुमारी से कश्मीर तक की इस यात्रा में चलने वाले इन 117 नेताओं को ‘भारत यात्री’ नाम दिया गया है और इनमें लगभग सभी वर्गों और प्रदेशों का प्रतिनिधित्व है.

कांग्रेस की ओर से जारी सूची के अनुसार, खेड़ा और कन्हैया कुमार के अलावा पार्टी के संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया, पंजाब सरकार के पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंघला, भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष केशव चंद यादव, पूर्व महासचिव सीताराम लांबा और उत्तराखंड महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला भी बतौर ‘भारत यात्री’ राहुल गांधी के साथ पूरी यात्रा में होंगे. इसके साथ ही, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख राहुल राव, महासचिव संतोष कोलकुंडा और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेता शाहनवाज आलम को ‘भारत यात्री’ की सूची में जगह दी गई है.

इस सूची में उत्तर प्रदेश से 10, मध्य प्रदेश से 10, महाराष्ट्र से नौ, राजस्थान से नौ, तमिलनाडु से तीन भारत यात्री होंगे. अन्य कई राज्यों को भी इसमें प्रतिनिधित्व दिया गया है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने गत 23 अगस्त को संवाददाताओं को बताया था, ‘‘100 पदयात्री होंगे, जो शुरू से आखिर तक चलेंगे. वो ‘भारत यात्री’ होंगे. जिन प्रदेशों से यह यात्रा नहीं गुजर रही है, उसके 100-100 लोग इसमें शामिल होंगे, ये लोग अतिथि यात्री होंगे. जिन प्रदेशों से यात्रा गुजरेगी उनसे 100-100 यात्री शामिल होंगे. ये प्रदेश यात्री होंगे. एक समय इसमें 300 पदयात्री शामिल रहेंगे.’’

उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा था, ‘‘राहुल गांधी देश के बड़े नेता हैं और यात्रा में ‘भारत यात्री’ होंगे.’’ कांग्रेस की इस ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान करीब पांच महीने में दक्षिण में कन्याकुमारी से लेकर उत्तर में कश्मीर तक 3,570 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी. यह 12 राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी. इसके साथ ही विभिन्न राज्यों में छोटे स्तर पर ‘भारत जोड़ो यात्राएं’ निकाली जाएंगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu