साइरस मिस्त्री कार दुर्घटना : घायल महिला की सर्जरी होगी, उनके पति आईसीयू में भर्ती

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 05 Sep 2022 06:07 PM
साइरस मिस्त्री कार दुर्घटना : घायल महिला की सर्जरी होगी, उनके पति आईसीयू में भर्ती
ऑडियो सुनें

मुंबई. टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री के साथ उनकी कार में जाने के दौरान दुर्घटना का शिकार हुईं प्रख्यात स्त्री रोग विशेषज्ञ अनाहिता पंडोले और उनके पति डेरियस पंडोले को मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अनाहिता पंडोले की सर्जरी होगी जबकि उनके पति को आईसीयू में भर्ती कराया गया है. अस्पताल के एक अधिकारी ने यह जानकरी दी.

इस हादसे में टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की मौत हो गयी थी. रविवार को दोपहर में महाराष्ट्र के पालघर जिले में साइरस मिस्त्री की लग्जरी कार सड़क के डिवाइडर से टकरा गई थी जिसमें कार की पिछली सीट पर बैठे मिस्त्री (54) और जहांगीर पंडोले की मौत हो गई. अनाहिता पंडोले (55) और उनके पति डेरियस पंडोले (60) हादसे में घायल हो गए और उन्हें गुजरात के वापी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया.

दंपति को सोमवार सुबह सड़क मार्ग से मुंबई के श्री एच एन रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल लाया गया. अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी ने कहा, ‘‘अनाहिता और उनके पति डेरियस को हमारे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हमें अनाहिता की सर्जरी करनी होगी जबकि डेरियस को आईसीयू में भर्ती किया गया है.’’ रविवार दोपहर को मुंबई से गुजरात आने के दौरान अनाहिता पंडोले र्मिसडीज कार चला रही थीं तभी कार नदी के पुल पर एक डिवाइडर से टकरा गई. उनके पति डेरियस भी उनके साथ आगे की सीट पर बैठे थे. हादसे में पिछली सीट पर बैठे मिस्त्री (54) और जहांगीर पंडोले की मौत हो गई.

पुलिस के एक अधिकारी ने इससे पहले कहा था कि शुरुआती जांच के मुताबिक दोनों ने (पंडोले दंपति) सीट बेल्ट नहीं पहना था और कार की तेज रफ्तार तथा ड्राइवर के ‘‘गलत निर्णय’’ के कारण यह हादसा हुआ. प्रथमदृष्टया प्रतीत होता है कि कार की रफ्तार तेज थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu