ग्राहम की हैट्रिक, गार्डनर के हरफनमौला प्रदर्शन से आस्ट्रेलिया ने भारत को पांचवें टी20 में हराया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 Dec 2022 10:41 PM
ग्राहम की हैट्रिक, गार्डनर के हरफनमौला प्रदर्शन से आस्ट्रेलिया ने भारत को पांचवें टी20 में हराया
ऑडियो सुनें

मुंबई. हीथर ग्राहम टी20 क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाली अपने देश की दूसरी महिला क्रिकेटर बन गई जिनके शानदार प्रदर्शन के दम पर आस्ट्रेलिया ने मंगलवार को भारत को पांचवें और आखिरी मैच में हराकर श्रृंखला 4 . 1 से जीत ली । एशले गार्डनर और ग्रेस हैरिस के नाबाद अर्धशतकों की मदद से आस्ट्रेलिया ने चार विकेट पर 196 रन बनाये । जवाब में भारतीय टीम 142 रन पर आउट हो गई ।

ग्राहम ने दो ओवर में आठ रन देकर चार विकेट लिये । उन्होंने 13वें ओवर की आखिरी दो गेंद पर देविका वैद्य और राधा यादव को आउट किया और आखिरी ओवर की पहली गेंद पÞर रेणुका ंिसह का विकेट चटकाकर हैट्रिक पूरी की । इसी ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने दीप्ति शर्मा का विकेट लिया । दीप्ति ने भारत के लिये सर्वाधिक 53 रन बनाये और 34 गेंदें खेली । आस्ट्रेलिया के लिये टी20 क्रिकेट में पहली हैट्रिक लेने वाली महिला क्रिकेटर तेज गेंदबाज मेगान शट हैं जिन्होंने 2018 में यह कारनामा किया था ।

भारतीय पारी की शुरूआत आक्रामक रही जब स्मृति मंधाना (4) ने पहली ही गेंद पर चौका लगाया लेकिन दो गेंद बाद वह अपना विकेट गंवा बैठी । तीसरे नंबर पर आई हरलीन देयोल ने आक्रामक बल्लेबाजी की कोशिश की लेकिन रन आउट हो गई । शेफाली वर्मा भी 13 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठी । कप्तान हरमनप्रीत कौर के सस्ते में आउट होने तक मैच भारत की जद से निकल चुका था । इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने शुरूआती विकेट जल्दी निकाले लेकिन उसके बाद उन्हें सफलता नहीं मिली । हैरिस और गार्डनर ने 62 गेंद में 129 रन की नाबाद साझेदारी करके आस्ट्रेलिया को श्रृंखला में उसके सर्वोच्च स्कोर तक पहुंचाया ।

गार्डनर ने 32 गेंद में 11 चौकों और एक छक्के की मदद से 66 रन बनाये जबकि हैरिस ने 35 गेंद में 64 रन बनाये जिसमें छह चौके और चार छक्के शामिल थे । इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया । सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी (दो) और फोबे लिचफील्ड (11) सस्ते में आउट हो गई । कप्तान ताहलिया मैकग्रा (26 गेंद में 26 रन) और एलिसे पेरी (14 गेंद में 18 रन) ने तीसरे विकेट के लिये 38 रन की साझेदारी की ।

शेफाली वर्मा ने खतरनाक होती इस साझेदारी को तोड़ा जब आगे बढकर खेलने के प्रयास में मैकग्रा चूकी और रिचा घोष ने चुस्ती से स्टंिम्पग कर दी । एक ओवर बाद पेरी बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में देविका वैद्य की गेंद पर हरलीन देयोल को कैच दे बैठी । इसके बाद से गार्डनर और हैरिस ने भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया । उन्होंने मनचाहे अंदाज में रन बनाये । हैरिस ने रेणुका ंिसह को 18वें ओवर में छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया । इसके एक गेंद बाद गार्डनर ने 25 गेंदों में पचासा पूरा कर डाला । भारतीय गेंदबाज शुरूआती लय को कायम नहीं रख सके और लचर क्षेत्ररक्षण ने रही सही कसर पूरी कर दी ।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu