राहुल गांधी जम्मू कश्मीर में प्यार फैलाना चाहते हैं या माहौल खराब करना : अनुराग ठाकुर

जोधपुर. ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के तौर पर राहुल गांधी के जम्मू कश्मीर दौरे के मद्देनजर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पूछा कि क्या कांग्रेसी नेता केंद्र शासित प्रदेश में ‘‘प्यार फैलाने जा रहे या वहां माहौल खराब करने’’ जा रहे हैं. ठाकुर ने यह भी कहा कि राहुल गांधी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35ए निरस्त करने के पक्ष में हैं.

केंद्रीय मंत्री ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘राहुल गांधी का अपनी भारत जोड़ो यात्रा के तहत जम्मू कश्मीर जाने का कार्यक्रम है. वह वहां प्यार फैलाने जा रहे हैं या माहौल बिगाड़ने? उन्हें यह बताना चाहिए कि क्या वह अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35ए हटाने के पक्ष में हैं या नहीं.’’ सितंबर में कन्याकुमारी से शुरू हुई गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अगले महीने जम्मू कश्मीर में संपन्न होनी है. ठाकुर नव वर्ष मनाने के लिए पश्चिमी राजस्थान के अपने चार दिवसीय दौरे के तहत जोधपुर में हैं.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास 1984 के सिख दंगों से लेकर दंगों की घटनाओं से भरा पड़ा है. ठाकुर ने कहा, ‘‘कांग्रेस का इतिहास दंगों से भरा है. उन्होंने ही वहां अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35ए लागू किया जिससे पिछले कई वर्ष में 50,000 से अधिक लोगों की मौत हुई. गांधी से मेरा सवाल है कि क्या वह अनुच्छेदों को हटाने से सहमत हैं.’’

उन्होंने पूछा, ‘‘और अगर यह सब जम्मू कश्मीर के पक्ष में हुआ है और वहां रोजगार तथा निवेश बढ़ा है तो फिर भारत जोड़ो यात्रा वहां प्यार फैलाने जा रही है या माहौल खराब करने.’’ भाजपा नेता ने बार-बार पेपर लीक की घटनाओं को लेकर राजस्थान की अशोक गहलोत नीत कांग्रेस सरकार की आलोचना भी की.

उन्होंने पूछा, ‘‘राज्य में पेपर लीक की आठ घटनाएं हुई हैं और सरकार इन घटनाओं पर रोक लगाने में लगातार नाकाम रही है. क्या वह बेबस है?’’ ठाकुर ने नयी पेंशन योजना को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा और कहा कि गहलोत सरकार को दूसरों पर दोष मढ़ने की आदत है. केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार पिछले चार साल से अंदरुनी कलह में फंसी है और इसका खामियाजा राज्य भुगत रहा है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button