नगालैंड में पहली बार दो महिलाओं का विधानसभा पहुंचना उल्लेखनीय उपलब्धि: प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 03 Mar 2023 07:40 PM
नगालैंड में पहली बार दो महिलाओं का विधानसभा पहुंचना उल्लेखनीय उपलब्धि: प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नगालैंड में चुनाव जीतकर पहली बार दो महिलाओं के विधानसभा पहुंचने को उल्लेखनीय उपलब्धि बताया और शुक्रवार को कहा कि यह जीवंत नगा संस्कृति के अनुरूप प्रोत्साहित करने वाला ट्रेंड है. ज्ञात हो कि दीमापुर-तीन सीट से नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक पार्टी (एनडीपीपी) की उम्मीदवार हेकानी जाखलू ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) (लोजपा-रामविलास) के अजेतो जिमोमी को 1,536 मतों के अंतर से हराया.

इसी प्रकार, एनडीपीपी की सलहौतुओनुओ क्रूस ने पश्चिमी अंगामी सीट से जीत दर्ज की. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और निर्दलीय उम्मीवार के नाखरों को महज सात मतों से पराजित किया. मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘यह एक उल्लेखनीय उपलब्धि है. दोनों नवनिर्वाचित विधायकों को विशेष रूप से बधाई. पिछले साल, भाजपा ने राज्यसभा के लिए एस फान्गनॉन कोन्याक को नामित करके इतिहास रच दिया था और वह नगालैंड से पहली महिला राज्यसभा सदस्य बन गईं. यह जीवंत नगा संस्कृति के अनुरूप एक प्रोत्साहित करने वाला ट्रेंड है.’’

प्रधानमंत्री ने यह प्रतिक्रिया नगालैंड के निवर्तमान मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो के एक ट्वीट पर व्यक्त की, जिसमें उन्होंने लिखा था कि नगालैंड में दो महिला उम्मीदवारों ने विधानसभा चुनाव जीत कर इतिहास रच दिया है. इस बार नगालैंड विधानसभा चुनाव में चार महिला उम्मीदवारों – हेकानी जाखलू, सलहौतुओनुओ क्रूस, हुकली सेमा और रोजी थॉम्पसन ने चुनाव लड़ा था.

प्रधानमंत्री की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति, शांति व विकास केंद्रित अभियान नगालैंड में जीत का कारण: भाजपा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को नगालैंड में अपने गठबंधन की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति और पूर्वोत्तर राज्य में शांति एवं विकास केंद्रित पार्टी के प्रचार अभियान को दिया. नगालैंड के लिए भाजपा के प्रभारी और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता नलिन कोहली ने कहा, ‘‘नगालैंड के मतदाताओं ने पार्टी को उसके सकारात्मक एजेंडे और केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो की ‘डबल इंजन’ सरकार द्वारा किए गए अच्छे काम के लिए पुरस्कृत किया है.’’

उन्होंने कहा कि मोदी ने अपने कार्यकाल में 51 बार पूर्वोत्तर क्षेत्र का दौरा किया है और उनकी सरकार के मंत्री 400 से अधिक बार वहां गए हैं. कोहली ने कहा कि इससे यह सुनिश्चित हुआ है कि बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और विभिन्न योजनाओं को प्रभावी ढंग से और समय पर लागू किया जाए.

उन्होंने कहा, ‘‘पूर्वोत्तर में भाजपा की सफलता सीधे तौर पर प्रधानमंत्री मोदी की एक्ट ईस्ट नीति और सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के सकारात्मक एजेंडे से जुड़ी है. नगालैंड में प्रचार अभियान शांति और विकास पर केंद्रित था.’’ नगालैंड में सत्तारूढ़ नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी)-भाजपा गठबंधन ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 37 सीटें हासिल की है. एनडीपीपी ने 25 सीटें जीती हैं जबकि भाजपा ने 12 सीटों पर जीत दर्ज की है. एनडीपीपी और भाजपा ने मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ा था. एनडीपीपी ने 40 और भाजपा ने 20 सीट पर प्रत्याशी उतारे थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu