हार्दिक और सविता को वर्ष के सर्वश्रेष्ठ हॉकी खिलाड़ी का पुरस्कार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 17 Mar 2023 08:34 PM
हार्दिक और सविता को वर्ष के सर्वश्रेष्ठ हॉकी खिलाड़ी का पुरस्कार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. मिडफील्डर हार्दिक सिंह और गोलकीपर सविता पूनिया को शुक्रवार को यहां एक रंगारंग समारोह में वर्ष का सर्वश्रेष्ठ पुरूष और महिला हॉकी खिलाड़ी चुना गया . 24 वर्ष के हार्दिक ने अनुभवी मनप्रीत सिंह और हरमनप्रीत सिंह को पछाड़कर पांचवां बलबीर सिंह सीनियर वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीता .

हार्दिक ने इस साल जनवरी में ओडिशा में हुए एफआईएच विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था लेकिन हैमस्ट्रिंग चोट के कारण टूर्नामेंट में आगे नहीं खेल सके . उन्होंने पहले मैच में स्पेन पर 2 . 0 से मिली जीत में गोल किया था . भारत प्री क्वार्टर फाइनल में स्पेन से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गया था .

सविता की कप्तानी में भारत ने दिसंबर में एफआईएच महिला नेशंस कप जीतकर महिला प्रो लीग में जगह बनाई . हार्दिक और सविता को 25 . 25 लाख रूपये और एक ट्रॉफी दी गई . पुरस्कारों की कुल ईनामी राशि दो करोड़ 70 लाख रूपये से अधिक थी. हार्दिक ने कहा ,‘‘ यह साल शानदार रहा . अपने प्रयासों को यूं पहचान मिलते देखना सुखद है . ’’ वहीं सविता ने कहा ,‘‘ मेरे पास शब्द नहीं है . हमने एक टीम के रूप में शानदार प्रदर्शन किया . पहला एफआईएच नेशंस कप जीतना हम सभी के लिये खास था .’’ हॉकी इंडिया ने 2021 के पुरस्कार भी दिये क्योंकि कोरोना महामारी के कारण यह समारोह नहीं हो सका था .

तोक्यो ओलंपिक 1964 की स्वर्ण पदक विजेता टीम के सदस्य गुरबख्श सिंह को मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया गया . उन्हें पुरस्कार क तौर पर 30 लाख रूपये और एक ट्रॉफी मिली . वहीं 1956 मेलबर्न ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य अमित सिंह बख्शी को 2021 के लिये यह पुरस्कार दिया गया.

मौजूदा कप्तान हरमनप्रीत सिंह को 2022 का सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर चुना गया . सविता को 2021 के लिये भी सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार मिला जबकि हरमनप्रीत सिंह सर्वश्रेष्ठ पुरूष खिलाड़ी रहे . कृष्णा बी पाठक को 2022 के लिये सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर और महिला टीम की सुशीला चानू को सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर चुना गया .

हॉकी इंडिया सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड का धनराज पिल्लै पुरस्कार वंदना कटारिया को मिला . सभी विजेताओं को पांच लाख रूपये और ट्रॉफी दी गई. मुमताज खान और उत्तम सिंह सर्वश्रेष्ठ उदीयमान खिलाड़ी चुने गए. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू , खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने खिलाड़ियों को पुरस्कार दिये.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu