राजधानी के कई हिस्सों में हल्की बारिश, न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 18 Mar 2023 11:33 AM
राजधानी के कई हिस्सों में हल्की बारिश, न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में शनिवार सुबह हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन में शहर में गरज के साथ और बारिश होने का अनुमान जताया है। आईएमडी के मुताबिक, शनिवार सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है।

विभाग ने बताया कि शहर में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 89 फीसदी दर्ज की गई। आईएमडी के अनुसार, दिन में दिल्ली के बुराड़ी, कंझावला, रोहिणी, बादली, मॉडल टाउन, आजादपुर, पीतमपुरा, दिल्ली विश्वविद्यालय, मुंडका, पश्चिम विहार, पंजाबी बाग, राजौरी गार्डन, पटेल नगर, बुद्ध जयंती पार्क, जाफरपुर कलां, नजफगढ़, द्वारका, पालम, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने के आसार हैं।

विभाग ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के बहादुरगढ़, गाजियाबाद, छपरौला, गुरुग्राम, हरियाणा के सोहना और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, देवबंद, नजीबाबाद, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, खतौली, सकोटी टांडा, दौराला और मेरठ जिलों में भी बारिश होने का अनुमान है।

आईएमडी के मुताबिक, हरियाणा के कैथल, नरवाना, राजौंद, असंध और सफीदों के अलावा आसपास के कुछ इलाकों में भी गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में शनिवार सुबह आठ बजे समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यू) 231 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।

गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है। शुक्रवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। वहीं, अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav