फिल्मकार प्रदीप सरकार का 67 वर्ष की आयु में निधन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 24 Mar 2023 06:15 PM
ऑडियो सुनें

मुंबई. ‘परिणीता’ और ‘मर्दानी’ जैसी नारी प्रधान फिल्मों के निर्देशन से पहचान बनाने वाले फिल्मकार प्रदीप सरकार का बृहस्पतिवार को देर रात एक अस्पताल में निधन हो गया. वह 67 वर्ष के थे. सरकार की पत्नी पांचाली ने बताया कि निर्देशक को बुखार आने के बाद बांद्रा उपनगर में लीलावती अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था.

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘ सरकार ने लीलावती अस्पताल में देर रात तीन बजकर 30 मिनट के आसपास अंतिम सांस ली.’’ पांचाली ने बताया कि उनके पति को 22 मार्च को वायरल बुखार हुआ था. कुछ दवाएं लेने के बाद बुखार कम हो गया, लेकिन पूरी तरह उतरा नहीं था इसलिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया.

निर्देशक की पत्नी ने कहा, ‘‘अस्पताल पहुंचते ही उनके शरीर के अहम अंगों की स्थिति बिगड़ने लगी. उन्हें गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया और वह निमोनिया से ग्रस्त पाए गए. इस संक्रमण के कारण उनके फेफड़ों पर असर हुआ.’’ पांचाली ने कहा, ‘‘चिकित्सकों के अनुसार, सरकार को और भी कई अन्य बीमारियां थीं जिनके कारण उनकी रोग प्रतिरोधी क्षमता कमजोर हो गई थी. उनके रक्तचाप में उतार-चढ़ाव आ रहा था. वह जुलाई 2022 में कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद से काफी कमजोर हो गए थे.’’ सरकार का अंतिम सरकार आज सांताक्रूज हिंदू श्मशान भूमि में किया जाएगा.

सरकार ने विज्ञापन फिल्मों से निर्देशन के क्षेत्र में कदम रखा था. उन्होंने शुभा मुदगल के ‘अब के सावन’, यूफोरिया के ‘धूम पिचक धूम’ और सुल्तान खान के ‘पिया बसंती’ जैसे संगीत वीडियो का निर्देशन भी किया. सरकार ने 2005 में ‘परिणीता’ से फिल्म निर्देशन के क्षेत्र में कदम रखा था. उन्हें विद्या बालन और सैफ अली खान अभिनीत इस फिल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से भी नवाजा गया था. उन्होंने ‘लागा चुनरी में दाग’ (2007), ‘लफंगे परिंदे’ (2010), ‘मर्दानी’ (2014), और ‘हेलीकॉप्टर ईला’ (2018) समेत कई फिल्मों का निर्देशन किया.

बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि निर्देशक प्रदीप सरकार का दुनिया से चले जाना उनके लिए एक झटका है . ‘लागा चुनरी में दाग’ और ‘मर्दानी’ फिल्म में सरकार के साथ काम कर चुकीं रानी मुखर्जी ने कहा कि वह जल्द ही सरकार से मिलने वाली थीं, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था.

सरकार की फिल्म ‘ईला’ के निर्माता अजय देवगन ने कहा कि वह उनके निधन की खबर को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं. फिल्म ‘लागा चुनरी में दाग’ में सरकार के साथ काम करने वाले अभिनेता अभिषेक बच्चन ने ट्वीट किया, ‘‘ बेहद दुखद खबर. दादा, विश्वास नहीं हो रहा. भगवान आपकी आत्मा को शांति दे. प्रेम और अपनी जिंदगी का छोटा सा हिस्सा बनाने के लिए शुक्रिया. आपकी याद हमेशा आएगी.’’ फिल्मकार हंसल मेहता ने सरकार की एक तस्वीर साझा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. मनोज बाजपेयी, कंगना रनौत, ओनिर, स्वानंद किरकिरे समेत फिल्म जगत की कई हस्तियों ने सरकार के निधन पर शोक व्यक्त किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu