अभिनेत्री जेनिफर एनिस्टन ने मनीष मल्होत्रा के लहंगे को बताया, ‘‘बेहद खूबसूरत’’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 27 Mar 2023 08:06 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. हॉलीवुड अभिनेत्री जेनिफर एनिस्टन ने कहा कि अपनी आने वाली फिल्म ‘मर्डर मिस्ट्री 2’ के लिए भारतीय फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा का ‘‘खूबसूरत’’ लहंगा पहनकर उन्हें काफी अच्छा लगा. मशहूर धारावाहिक ‘फ्रेंड्स’ में अपने किरदार से लोकप्रियता हासिल करने वाली अदाकारा ओटीटी मंच ‘नेटफ्लिक्स’ की फिल्म ‘मर्डर मिस्ट्री 2’ में हिंदू रीति रिवाज से हो रहे एक विवाह के दृश्य में हाथी दांत के रंग का चिकनकारी का लहंगा पहने नजर आ रही हैं, जिसे मल्होत्रा ने डिजाइन किया है.

अभिनेत्री (54) ने बताया कि इस ‘‘खूबसूरत’’ पोशाक को बनाने में तीन महीने लगे और वह काफी भारी भी थी. जेनिफर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को आॅनलाइन दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘ वह बेहद सुंदर पोशाक थी. ’’ जेनिफर के साथ मौजूद फिल्म के अभिनेता एडम सैंडलर ने कहा कि जेनिफर लहंगे में ‘‘बेहद खूबसूरत’’ लग रहीं थी.

इस पर जेनिफर ने कहा, ‘‘ शुक्रिया.’’ अभिनेता ने कहा, ‘‘ वह बेहद भारी भी था, जिसकी मुझे उम्मीद नहीं थी. उन सभी भारतीय महिलाओं को सलाम जो न केवल इसे पहनती हैं बल्कि इसे पहनकर नृत्य भी कर लेती हैं. हमें काफी मजा आया.’’ जेनिफर ने बताया कि शादी के दृश्य को तीन दिन तक हवाई में फिल्माया गया.

उन्होंने कहा, ‘‘ हमारे पास उस दृश्य को फिल्माने के लिए पांच दिन थे.’’ इस पर सैंडलर (56) ने कहा, ‘‘ नाचने और भारतीय खाना खाने के लिए भी.’’ ‘मर्डर मिस्ट्री 2’ फिल्म 2019 में आई ‘मर्डर मिस्ट्री’ का सीक्वल है. इसकी कहानी जेम्स वेंडरबिल्ट ने लिखी है. इसमें डैनी बून,मार्क स्ट्रांग, मेलानी लॉरेंट, जोडी टर्नर-स्मिथ, जॉन कानी, कुहू वर्मा, एनरिक एर्स और जुरिन विलानुएवा जैसे कलाकार भी नजर आएंगे. फिल्म ओटीटी मंच ‘नेटफ्लिक्स’ पर 31 मार्च को प्रासारित की जाएगी. ‘ओवर द टॉप’ (ओटीटी) मंच पर इंटरनेट के माध्यम से फिल्म व अन्य डिजिटल सामग्री (कंटेंट) उपलब्ध कराई जाती है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu