इतने वर्षों तक खेलने के बाद लोगों की अपेक्षाओं से परेशान नहीं होता: रोहित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 Mar 2023 08:48 PM
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई इंडियन्स को पांच बार इंडियन प्रीमियर लीग का खिताब दिलाने वाले कप्तान रोहित शर्मा ने कहा है कि वह लोगों की अपेक्षाओं से परेशान नहीं होते. आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तान रोहित को पता है कि मुंबई की टीम आगामी टूर्नामेंट में खिताब के प्रबल दावेदारों में शामिल होगी. रोहित टीम के युवा खिलाड़ियों को उस ‘हाइप’ से बचाना चाहते हैं जो टीम के साथ जुड़ी रहती है.

रोहित ने टीम की ओर से आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘जब भी आप खेलने के लिए उतरते हैं तो हमेशा आपसे उम्मीदें होती हैं. इतने वर्षों तक खेलने के बाद मैं इससे परेशान नहीं होता और मैं इसे लेकर ंिचतित नहीं हूं कि लोग मेरे से क्या चाहते हैं.’’ कप्तान ने कहा, ‘‘हमें पता है कि हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके ट्रॉफी जीतनी होगी. हमेशा इसके बारे में सोचने से आपके ऊपर दबाव बनता है.’’ डेवाल्ड ब्रेविस और तिलक वर्मा अपना दूसरा आईपीएल खेलेंगे जबकि ऑस्ट्रेलिया के युवा ऑलरांडर कैमरून ग्रीन करोड़ों रुपये का अनुबंध मिलने के बाद पहली बार इस लीग में खेलते हुए नजर आएंगे.

रोहित ने कहा, ‘‘मैं अभी इन (युवा खिलाड़ियों) पर अधिक दबाव नहीं डालना चाहता. जब हमारा पहला मैच करीब होगा तो हम उन्हें विशिष्ट भूमिकाएं देंगे. बेशक पहले मैच से पूर्व खिलाड़ियों को पता है कि हमारी उनसे क्या उम्मीदें हैं.’’ रोहित ने टीम के नए खिलाड़ियों को सलाह देते हुए कहा कि वे इस मंच को घरेलू क्रिकेट के विस्तार के तौर पर देखें और वही करें जिसने उन्हें वहां सफलता दिलाई है.

उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन्हें यह बताने का प्रयास करूंगा कि जो उन्होंने प्रथम श्रेणी या क्लब क्रिकेट में किया है उसे दोहराएं. मुझे पता है कि आईपीएल बिल्कुल अलग है लेकिन मैं उन्हें उसकी मानसिकता के साथ उतरने के लिए कहूंगा. आखिर यह गेंद और बल्ले के बीच मुकाबला ही है.’’ रोहित ने कहा कि टीम को जसप्रीत बुमराह की कमी खलेगी लेकिन उनकी गैरमौजूदगी की भरपाई करने के लिए टीम के पास जोफ्रा आर्चर हैं जो 145 किमी प्रति घंटा से अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं. मुंबई इंडियन्स के कप्तान ने जल्द की बुमराह के विकल्प की घोषणा करने की उम्मीद है.

‘इंपेक्ट प्लेयर’ से जुड़े नए नियम पर रोहित ने कहा कि शुरुआती कुछ मुकाबलों के बाद इस बदलाव को लेकर अधिक स्पष्टता होगी.
उन्होंने कहा, ‘‘इसमें कोई संदेह नहीं कि कप्तान इसका इस्तेमाल करेंगे. लेकिन जैसा कि मैंने कहा कि यह टीम के सभी पहलुओं पर निर्भर करेगा. अन्य टीम के पास ‘इंपेक्ट प्लेयर’ के रूप में कौन मौजूद है.’’ ‘इंपेक्ट प्लेयर’ नियम से 12 खिलाड़ियों को मैच में सक्रिय भूमिका निभाने की स्वीकृति होगी और कप्तान ने कहा कि 12 में से कम से कम नौ खिलाड़ी तय हैं लेकिन वे चयन के दौरान लचीलापन दिखाएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu