सिंधू, श्रीकांत मैड्रिड मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 Mar 2023 07:08 PM
ऑडियो सुनें

मैड्रिड. भारतीय खिलाड़ी पीवी सिंधू और किदांबी श्रीकांत गुरुवार को यहां अपने-अपने मुकाबलों को सीधे गेम में जीत कर मैड्रिड स्पेन मास्टर्स बैडंिमटन टूर्नामेंट के एकल क्वार्टर फाइनल में पहुंच गये. दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधू इस साल पहली बार किसी टूर्नामेंट के अंतिम आठ में पहुंची. उन्होंने महिला एकल के आधे घंटे से अधिक समय तक चले मुकाबले में इंडोनेशिया की पुत्री कुसुमा वारदानी को 21-16 21-14 से मात दी.

विश्व रैंकिंग में 21वें स्थान पर काबिज श्रीकांत ने दूसरे दौर के मैच में 49वीं रैंकिंग के खिलाड़ी हमवतन बी साई प्रणीत को 21-15, 21-12 से हराया. दूसरी वरीयता प्राप्त 27 साल की सिंधू चोट से वापसी के बाद लय हासिल करने के लिए जूझ रही है. वह 2023 में पहली बार दूसरे दौर की बाधा को पार करने में सफल रही.

लगातार खराब प्रदर्शन के कारण नवंबर 2016 के बाद पहली बार रैंकिंग में शीर्ष 10 खिलाड़ियों की सूची से बाहर होने वाली सिंधू के सामने अंतिम आठ में डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट की चुनौती होगी. पुरुष एकल में श्रीकांत के सामने क्वार्टर फाइनल में पूर्व विश्व नंबर एक खिलाड़ी जापान के केंटा निशिमोतो की कड़ी चुनौती होगी.

निशिमोतो को दूसरे दौर के मैच में फ्रांस के अर्नोद मर्केल ने वाकओवर दे दिया. किरण जॉर्ज और प्रियांशु राजावत दूसरे दौर में हारकर पुरुष एकल स्पर्धा से बाहर हो गए. जॉर्ज को डेनमार्क के मैग्नस जोहानसेन ने 31 मिनट में 17-21 12-21 से हराया जबकि राजावत को फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव ने 14-21 15-21 से हराया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu