गायकवाड़ का अर्धशतक, सुपरकिंग्स ने गुजरात को 179 रन का दिया लक्ष्य

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 31 Mar 2023 10:11 PM
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ के अर्धशतक से चेन्नई सुपरकिंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के पहले मैच में शुक्रवार को गत चैंपियन गुजरात टाइटंस के खिलाफ सात विकेट पर 178 रन बनाए. गायकवाड़ ने 50 गेंद में नौ छक्कों और चार चौकों से 92 रन की पारी खेली लेकिन उनके अलावा सिर्फ मोईन अली (23) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए.

गुजरात की ओर से लेग स्पिनर राशिद खान ने 26, मोहम्मद शमी ने 29 जबकि अल्जारी जोसेफ ने 33 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए.
गुजरात के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया और मोहम्मद शमी ने तीसरे ओवर में ही डेवोन कॉनवे (01) को बोल्ड कर दिया.

गायकवाड़ शुरुआत से ही अच्छी लय में दिखे. उन्होंने पंड्या पर दो चौके जड़ने के बाद बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जोश लिटल का स्वागत लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ किया. मोईन अली ने भी शमी के ओवर में दो चौके और एक छक्का मारा.
मोईन (23) ने राशिद खान पर चौके के साथ छठे ओवर में टीम का स्कोर 50 रन तक पहुंचाया लेकिन अगली गेंद पर विकेटकीपर रिद्धिमान साहा को कैच दे बैठे.

राशिद ने अगले ओवर में बेन स्टोक्स (07) को भी साहा के हाथों कैच कराके सुपरकिंग्स का स्कोर तीन विकेट पर 70 रन किया.
गायकवाड़ ने पंड्या पर लगातार दो छक्के जड़े और फिर अल्जारी जोसेफ पर तीन छक्कों के साथ सिर्फ 23 गेंद में अर्धशतक पूरा किया.
गायकवाड़ ने लिटल पर छक्के के साथ 11वें ओवर में टीम के रनों का सैकड़ा पूरा किया. अंबाती रायुडू (12) ने यश दयाल की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया लेकिन लिटल ने उन्हें बोल्ड करके अपना पहला आईपीएल विकेट हासिल किया.

शिवम दुबे बिलकुल भी लय में नजर नहीं आए और उनकी धीमी बल्लेबाजी का खामियाना टीम ने गायकवाड़ का विकेट गंवाकर उठाया जो जोसेफ की फुलटॉस पर शुभमन गिल को कैच दे बैठे. उन्होंने 50 गेंद की अपनी पारी में नौ छक्के और चार चौके मारे. रंिवद्र जडेजा (01) भी इसी ओवर में बाउंड्री पर विजय शंकर को कैच दे बैठे. दुबे (19) ने शमी पर छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद को हवा में लहराकर राशिद को कैच दे बैठे. कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (सात गेंद में नाबाद 14) ने अंतिम ओवर में लिटल की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारकर स्कोर 180 रन के करीब पहुंचाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu