डिप्लोमा कर रही महिला पर आपत्तिजनक वीडियो बनाने का मामला दर्ज, साइ ने भी बनायी आंतरिक समिति

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 31 Mar 2023 08:51 PM
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के इस शहर स्थित परिसर में वॉलीबॉल कोंिचग में डिप्लोमा कर रही एक महिला के खिलाफ अपने सहपाठी का आपत्तिजनक वीडियो बनाने के आरोप में एक मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.
साइ के अधिकारियों ने मामला सामने आने के बाद आरोपी को निलंबित कर दिया और मल्लथाहल्ली स्थित डिप्लोमा छात्रा हॉस्टल में अनुशासनात्मक उल्लंघन की जांच के लिए एक आंतरिक समिति का गठन किया है.

ताइक्वांडो कोंिचग में डिप्लोमा कर रही पीड़िता ने साइ अधिकारियों और ज्ञानभारती पुलिस में दर्ज अपनी शिकायत में कहा कि 28 मार्च की रात को जब वह स्रान कर रही थी तो उसने महसूस किया कि कोई उसका वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है. वह तुरंत बाहर आई और उसने देखा कि वॉलीबॉल कोच बनने के लिए प्रशिक्षण ले रही महिला उसका वीडियो बना रही थी. साइ के एक अधिकारी ने कहा कि आरोपी को अगली सुबह निलंबित कर दिया गया था.   पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 (लज्जा भंग) और 201 (सबूतों को नष्ट करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

साइ की विज्ञप्ति के मुताबिक 28 मार्च को ‘साइ डिप्लोमा गर्ल्स हॉस्टल’ में एक प्रशिक्षु का कथित तौर पर संस्थान की दूसरी महिला ने वीडियो बनाया. बयान में कहा गया है, ‘‘समिति को जल्द से जल्द अपनी रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया है. साइ ने कथित पीड़िता को पुलिस शिकायत दर्ज कराने में भी मदद की है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए, मामले की सूचना पुलिस को दी गई और 29 मार्च को प्राथमिकी दर्ज की गई.’’ उन्होंने बताया, ‘‘पुलिस से मंजूरी मिलने के बाद 30 मार्च को उसे छात्रावास खाली करने की अनुमति दी गई है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu