राकांपा नेता सुप्रिया सुले का दावा, अगले 15 दिनों में होंगे दो राजनीतिक ‘धमाके’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 19 Apr 2023 06:41 PM
राकांपा नेता सुप्रिया सुले का दावा, अगले 15 दिनों में होंगे दो राजनीतिक ‘धमाके’
ऑडियो सुनें

पुणे. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले ने दावा किया है कि अगले 15 दिनों में दो ‘धमाके’ (राजनीतिक) होंगे. उनके मुताबिक इन धमाकों में एक दिल्ली में और दूसरा महाराष्ट्र में होगा. उन्होंने यह टिप्पणी तब की जब कुछ संवाददाताओं ने उनसे वंचित बहुजन आघाड़ी के प्रमुख प्रकाश आंबेडकर के उस बयान के बारे में मंगलवार को पूछा, जिसमें उन्होंने कहा था कि राज्य में अगले 15 दिनों में (राजनीतिक) ‘बम धमाके’ होंगे.

राकांपा प्रमुख शरद पवार की बेटी सुले ने विस्तृत जानकारी दिए बिना कहा, ‘‘एक दिल्ली में होगा और दूसरा राज्य में होगा.’’ शरद पवार के भतीजे और राकांपा के वरिष्ठ नेता अजित पवार ने मंगलवार को उन अटकलों को खारिज कर दिया था कि वह और उनके वफादार विधायकों का एक समूह सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन कर सकता है. उन्होंने साफ तौर पर कहा था कि वह जीवित रहने तक अपनी पार्टी (राकांपा) के लिए काम करेंगे.

अजित पवार के अगले राजनीतिक कदम, उनके कथित असंतोष और भाजपा के साथ उनकी निकटता को लेकर लगाई जा रही अटकलों के बारे में पूछे जाने पर सुले ने कहा, ‘‘जो हुआ है वह यह है कि किसी भी घटनाक्रम के लिए मेरे भाई (अजित पवार) को जिम्मेदार ठहराया जाता है. हर कोई एक सिक्के के बारे में बात करता है जिसकी बाजार में मांग है.’’ कुछ विधायकों से संपर्क नहीं होने के दावों पर उन्होंने कहा कि सीमा में नहीं होने का मतलब यह नहीं है कि किसी व्यक्ति से संपर्क नहीं हो पा रहा है.

राकांपा के 40 विधायकों के अजित पवार के साथ जाने के लिए तैयार होने संबंधी खबरों पर सुले ने कहा कि शरद पवार, अजित पवार और राकांपा के प्रदेश प्रमुख जयंत पाटिल सभी विधायकों के लिए चौबीसों घंटे उपलब्ध हैं और वह खुद भी सभी विधायकों से बात करती हैं. उन्होंने कहा, ‘‘अगर कोई असंतुष्ट है तो हमें इसके बारे में पता चल जाएगा. अगर आपकी खबरों में जरा सी भी सच्चाई है और मुझे आपसे (मीडिया से) पता चलता है कि कुछ विधायक असंतुष्ट हैं तो मैं निश्चित तौर पर उनसे बात करूंगी.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu