रूसी वायुसेना ने गलती से अपने ही शहर पर बम गिराया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 21 Apr 2023 08:13 PM
रूसी वायुसेना ने गलती से अपने ही शहर पर बम गिराया
ऑडियो सुनें

मास्को. यूक्रेन की सीमा से लगे एक रूसी शहर में जब शक्तिशाली विस्फोट हुआ तो स्थानीय लोगों ने सोचा कि यह यूक्रेनी हमला है. लेकिन जल्दी ही रूसी सेना ने स्वीकार किया कि यह रूस के ही एक युद्धक विमान द्वारा गलती से गिराया गया बम था. बेलगॉरॉड सीमा से करीब 40 किलोमीटर (25 मील) दूर है और वहां की आबादी 3,40,000 है. शहर में नियमित ड्रोन हमले होते रहते हैं जिसके लिए रूसी अधिकारी यूक्रेन को दोषी ठहराते हैं. बृहस्पतिवार देर रात हुआ विस्फोट पहले की अपेक्षा कहीं अधिक शक्तिशाली था.

प्रत्यक्षदर्शी लोगों ने बताया कि धमाके से आस-पास की इमारतें हिल गईं और एक कार एक स्टोर की छत पर जा गिरी. विस्फोट के कारण 20-मीटर (66-फुट) चौड़ा गड्ढा बन गया और कई मकानों की खिड़कियां टूट गईं, कई कारें क्षतिग्रस्त हो गईं और दो निवासी घायल हो गए. एक तीसरे व्यक्ति को उच्च रक्तचाप के कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.

विस्फोट के बाद, रूसी टिप्पणीकार और सैन्य ब्लॉगर इस बात को लेकर चर्चा कर रहे थे कि यूक्रेन ने हमले के लिए किस हथियार का इस्तेमाल किया था. लेकिन करीब एक घंटे बाद, रूसी रक्षा मंत्रालय ने स्वीकार किया कि विस्फोट गलती से अपने एसयू-34 बमवर्षक द्वारा गिराए गए बम के कारण हुआ. मंत्रालय ने इस संबंध में कोई और विवरण नहीं दिया, लेकिन सैन्य विशेषज्ञों का कहना था कि बम करीब 500 किलोग्राम वजन का था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu