राशिद की अगुवाई में गेंदबाजों ने राजस्थान की पारी को 118 पर समेटा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 05 May 2023 10:08 PM
राशिद की अगुवाई में गेंदबाजों ने राजस्थान की पारी को 118 पर समेटा
ऑडियो सुनें

जयपुर. राशिद खान और नूर अहमद की फिरकी के जादू के दम पर गुजरात टाइटंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में शुक्रवार को यहां राजस्थान रॉयल्स की पारी 17.5 ओवर में 118 रन पर समेट दी. राशिद ने चार ओवर में 14 रन देकर तीन विकेट चटकाये तो वहीं नूर ने तीन ओवर में 25 रन देकर दो सफलता हासिल की. मोहम्मद शमी, हार्दिक पंड्या और जोश लिटिल ने एक-एक विकेट लिये.

राजस्थान रॉयल्स के लिए कप्तान संजू सैमसन 20 गेंद में तीन चौके और एक छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 30 रन बनाये.
लय की तलाश कर रहे जोस बटलर (छह गेंद में आठ रन) ने दूसरे ओवर में कप्तान पंड्या के खिलाफ लगातार गेंदों पर चौका लगाया लेकिन अगली गेंद पर मोहित शर्मा को कैच थमा बैठे.

यशस्वी जायसवाल (11 गेंद में 14 रन) ने मोहम्मद शमी और सैमसन ने पंड्या के खिलाफ छक्का और चौका लगाया. छठे ओवर में जायसवाल गफलत का शिकार होकर रन आउट हो गये. पावर प्ले के बाद राजस्थान का स्कोर दो विकेट पर 50 रन था. अगले ओवर में गेंदबाजी के लिए आये जोशुआ लिटिल ने दो चौके खाने के बाद अपनी तेज गेंद पर सैमसन को चकमा देकर पवेलियन की राह दिखायी.

कप्तान के आउट होने के बाद राजस्थान की टीम दबाव में आ गयी. राशिद ने इसके बाद रविचंद्रन अश्विन (छह गेंद में दो रन), रियान पराग (छह गेंद में चार रन) और शिमरोन हेटमायर (13 गेंद में सात रन) को चलता राजस्थान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी.
इस बीच नूर अहमद ने देवदत्त पडिक्कल (12 गेंद में 12 रन) को बोल्ड करने के बाद ध्रुव जुरेल (आठ गेंद में नौ रन) को पगबाधा किया.

टीम ने 15वें ओवर में किसी तरह से रनों का सैकड़ा पूरा किया. ट्रेंट बोल्ट (11 गेंद में 15 रन) ने नूर के खिलाफ छक्का लगाकर राजस्थान के प्रशंसकों को खुश होने का मौका दिया. वह हालांकि 17वें ओवर में शमी के सटिक यॉर्कर पर बोल्ड हो गये. अगले ओवर में एडम जम्पा (नौ गेंद में सात रन) के रन आउट होने से राजस्थान कर पारी सिमट गयी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu