पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान गिरफ्तार…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 09 May 2023 08:35 PM
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान गिरफ्तार…
ऑडियो सुनें

इस्लामाबाद/लाहौर: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान गिरफ्तार हो गए हैं. इमरान को पाक रेंजर्स ने कोर्ट रूम से ही गिरफ्तार किया है. इमरान की गिरफ्तारी ऐसे वक्त पर हुई, जब हाल ही में उन्होंने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के अधिकारी मेजर जनरल फैसल नसीर पर गंभीर आरोप लगाए थे. इमरान ने आरोप लगाया था कि मेजर जनरल फैसल नसीर उनकी हत्या कराने की कोशिश कर रहे हैं. इमरान के इस बयान के लिए पाकिस्तानी सेना ने उन्हें फटकार भी लगाई थी.

गिरफ्तारी से कुछ घंटे पहले इमरान खान को कई मामलों में मिली थी जमानत
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को अर्द्धसैनिक बलों द्वारा इस्लामाबाद उच्च न्यायालय में गिरफ्तार किये जाने से कुछ घंटे पहले मंगलवार को एक आतंकवाद रोधी अदालत ने कई मामलों में उनकी अंतरिम जमानत अर्जी मंजूर कर ली थी. खान अभी देश भर में 121 मामलों का सामना कर रहे हैं, जिनमें राजद्रोह, आतंकवाद, ईशनिंदा और हिंसा भड़काने के आरोप शामिल हैं.

इस्लामाबाद हाईकोर्ट के बाहर से इमरान खान गिरफ्तार : पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को मंगलवार को अर्धसैनिक बलों ने उस वक्त गिरफ्तार कर लिया, जब वह भ्रष्टाचार के एक मामले में सुनवाई के लिये इस्लामाबाद हाईकोर्ट में मौजूद थे। इससे एक दिन पहले ही खान ने देश की सेना पर कथित तौर पर उनकी हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया था.

इमरान को सरकारी खज़ाने को नुकसान पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है: पाक गृह मंत्री
पाकिस्तान के गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह ने मंगलवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को भ्रष्टाचार के एक मामले में राष्ट्रीय खज़ाने को नुकसान पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के बाहर से पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के प्रमुख की गिरफ्तारी से संबंधित जानकारी देते हुए सनाउल्लाह ने इस रिपोर्ट को खारिज किया कि 70 वर्षीय खान को गिरफ्तार करने के दौरान प्रताड़ित किया गया. .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav