प्रधानमंत्री मोदी ने अनुच्छेद 370 हटाकर श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना पूरा किया: आदित्यनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 23 Jun 2023 07:17 PM
प्रधानमंत्री मोदी ने अनुच्छेद 370 हटाकर श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना पूरा किया: आदित्यनाथ
ऑडियो सुनें

लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटाकर भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को साकार किया. एक बयान में कहा गया कि मुखर्जी की पुण्यतिथि पर एक समारोह को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने ‘कश्मीर को बचाने’ समेत भारत की एकता सुनिश्चित करने के प्रति उनके बलिदान’ की सराहना की.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को हजरतगंज के पार्क रोड स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल में उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस की अदूरर्दिशता के कारण कश्मीर की स्थिति लगातार खराब होती जा रही थी. बयान में आदित्यनाथ के हवाले से कहा गया, ”ऐसी परिस्थितियों में डॉ. मुखर्जी ने देश के लिए एक नारा दिया और जम्मू-कश्मीर के लिए अलग कानून बनाने और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री को अलग मान्यता देने का विरोध किया.”

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुखर्जी ने ‘एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे’ के नारे के साथ एक आंदोलन शुरू किया और उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था.’ आदित्यनाथ ने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कश्मीर में अनुच्छेद 370 को स्थायी रूप से हटाकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना पूरा किया है.”

गौरतलब है कि 5 अगस्त, 2019 को मोदी सरकार ने अनुच्छेद 370 को निरस्त कर दिया, जो पूर्ववर्ती राज्य जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देता था. आदित्­यनाथ ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के देश प्रेम और उनके योगदान का ही नतीजा था कि जैसे ही 1947 में देश आजाद हुआ, तो उन्हें प्रथम उद्योग और खाद्य मंत्री के रूप में भारत की औद्योगिक नीति को निर्धारित करने की जिम्मेदारी दी गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu