बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की बेटी लिंग परिवर्तन के लिए सर्जरी कराएंगी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 23 Jun 2023 08:19 PM
बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की बेटी लिंग परिवर्तन के लिए सर्जरी कराएंगी
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की बेटी सुचेतना भट्टाचार्य ने कहा है कि वे पुरुष बनने के लिए जल्द ही लिंग परिवर्तन संबंधी सर्जरी कराएंगी. हाल ही में एलजीबीटीक्यू समुदाय के एक सम्मेलन में भाग लेने वाली 41 वर्षीय सुचेतना ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा कि वह सुचेतन कहलाना पसंद करेंगी.

उन्होंने कहा, ”मुझे अक्सर अपमानित किया गया है क्योंकि मैं किशोरावस्था से ही खुद को एक महिला नहीं, बल्कि एक पुरुष के रूप में देखती थी. मुझे लगता है कि अब मैं इस लड़ाई के लिए तैयार हूं.” सुचेतना ने कहा कि उनके पिता बुद्धदेव भट्टाचार्य हमेशा उनके फैसले के समर्थक रहे हैं, जबकि मां मीरा ने भी इसका विरोध नहीं किया, भले ही उन्हें आपत्ति थी.

सुचेतना ने कहा कि एलजीबीटीक्यू के हालिया सम्मेलन में उन्होंने अपना परिचय एक सामाजिक कार्यकर्ता और ‘फ्रीलांस ग्राफिक डिजाइनर’ सुचेतन के रूप में दिया. उन्होंने कहा कि लिंग परिवर्तन के लिए जल्द ही उनकी सर्जरी होगी. उन्होंने कहा, ”मैं उन सभी की आभारी हूं जिन्होंने सोशल मीडिया पर मेरा समर्थन किया है. मुझे सभी की शुभकामनाओं की जरूरत है.” सुचेतना ने कहा कि आधिकारिक पहचान पत्र में नाम और लिंग बदलने की कानूनी प्रक्रिया सर्जरी से पहले होगी. इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भट्टाचार्य और उनकी पत्नी की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu