अडाणी समूह की सभी कंपनियों के शेयर गिरे, अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर सात प्रतिशत टूटा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 23 Jun 2023 09:23 PM
अडाणी समूह की सभी कंपनियों के शेयर गिरे, अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर सात प्रतिशत टूटा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अडाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में शुक्रवार को गिरावट आई. समूह की प्रमुख कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर लगभग सात प्रतिशत तक गिर गया. हिंडनबर्ग रिपोर्ट मामले में अडाणी समूह की तरफ से अमेरिकी निवेशकों को दिये गये प्रतिवेदनों पर अमेरिकी अधिकारियों के गौर करने की रिपोर्ट के बाद शेयरों में गिरावट आई.

अमेरिकी वित्तीय शोध और निवेश कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट में अडाणी समूह पर शेयरों के भाव में हेराफेरी और वित्तीय गड़बड़ी के आरोप लगाये गये हैं. हालांकि समूह ने इसे सिरे से खारिज कर दिया है. बीएसई में अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 6.79 प्रतिशत, अडाणी ट्रांसमिशन का शेयर 6.38 प्रतिशत, अडाणी पावर का शेयर 5.61 प्रतिशत और अंबुजा सीमेंट का शेयर 4.19 प्रतिशत गिर गया.

अडाणी पोर्ट्स का शेयर 4.16 प्रतिशत, एनडीटीवी का शेयर 3.46 प्रतिशत, एसीसी का शेयर 3.46 प्रतिशत, अडाणी विल्मर का शेयर 3.42 प्रतिशत, अडाणी टोटल गैस का शेयर 3.21 प्रतिशत और अडाणी ग्रीन एनर्जी का शेयर 1.50 प्रतिशत गिर गया. शेयर बाजार मे 30 शेयर वाले बीएसई पर सेंसेक्स 259.52 अंक या 0.51 प्रतिशत गिरकर 62,979.37 पर बंद हुआ.

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के खुदरा शोध प्रमुख दीपक जसानी ने कहा, “बाजार में मुनाफावसूली के बीच अडाणी समूह के शेयर शुक्रवार को बिकवाली के दबाव में आ गए. समूह के शेयरों में गिरावट का एक अतिरिक्त कारण हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद अडाणी समूह के संबंध में अमेरिका में नियामकीय जांच की खबर थी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu