असम: चार दिन बाद श्रद्धालुओं के लिए खुले कामाख्या मंदिर के दरवाजे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 26 Jun 2023 08:21 PM
असम: चार दिन बाद श्रद्धालुओं के लिए खुले कामाख्या मंदिर के दरवाजे
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी. असम में कामाख्या मंदिर के दरवाजे वार्षिक अंबुबाची मेले के चार दिनों के बाद सोमवार को फिर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए. यहां नीलाचल पर्वत स्थित मंदिर के दरवाजे 22-23 जून की मध्यरात्रि से बंद कर दिए गए थे. इस अवधि में देवी कामाख्या के वार्षिक मासिक धर्म का उत्सव मनाया जाता है.

मंदिर के एक अधिकारी ने बताया, ”मंदिर में पूजा-पाठ प्रवृत्ति के कारण बंद कर दिया गया था और निवृत्ति के बाद आज सुबह भक्तों के लिए दरवाजे फिर खोल दिए गए.” इस अवधि के दौरान मंदिर परिसर में वार्षिक अंबुबाची मेला आयोजित किया जाता है और यह राज्य के प्रमुख पर्यटक कार्यक्रमों में से एक है. इस वर्ष मेला व्यापक सुरक्षा के बीच 22 जून को शुरू हुआ.

कामरूप मेट्रोपॉलिटन जिले के एक अधिकारी ने बताया कि इस मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए पांडु बंदरगाह, कामाख्या रेलवे स्टेशन और सोनाराम उच्च माध्यमिक विद्यालय मैदान में तीन अस्थायी शिविर स्थापित किए गए.
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस र्किमयों के अलावा, स्वयंसेवक, निजी सुरक्षा गार्ड और अन्य लोग यह सुनिश्चित करने में जुटे रहे कि मेला सुचारू रूप से आयोजित हो.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu