प्रधानमंत्री की गलत नीतियों के कारण टमाटर 100 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा है: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 Jun 2023 08:23 PM
प्रधानमंत्री की गलत नीतियों के कारण टमाटर 100 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा है: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने देश के कई हिस्सों में टमाटर की कीमत में उछाल को लेकर मंगलवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गलत नीतियों के कारण टमाटर के दाम बढ़ गये हैं. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री मोदी के पांच साल पुराने एक बयान का हवाला देते हुए ट्वीट किया, ”प्रधानमंत्री ने टोमैटो (टमाटर), अनियन (प्याज) और पटैटो (आलू) को ‘टॉप (शीर्ष)’ प्राथमिकता बताया था. लेकिन उनकी ग.लत नीतियों के कारण पहले टमाटर सड़क पर फेंका जाता है, फिर 100 रुपए किलो बिकता है!”

उल्लेखनीय है कि इन दिनों देश के कई हिस्सों में टमाटर की कीमत 100 रुपये प्रति किलोग्राम के पार चली गयी है. मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में मांग के मुकाबले कम आपूर्ति के चलते टमाटर का खुदरा भाव बढ़कर 110 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है.

कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधते हुए जारी किया ‘मोहब्बत की दुकान’ वाला वीडियो

कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए मंगलवार को एक एनीमेटेड वीडियो जारी किया जिसमें राहुल गांधी को ‘सत्तारूढ़ पार्टी के नफरत के बाजार’ को हटाकर ‘मोहब्बत की दुकान’ लगाते दर्शाया गया है. कांग्रेस ने ‘मोहब्बत की दुकान’ शीर्षक से इस वीडियो को सोशल मीडिया के अपने आधिकारिक हैंडल से जारी किया. इसके बाद पार्टी के विभिन्न नेताओं ने इसे साझा किया.

इस एक मिनट और 43 सेकेंड की अवधि वाले वीडियो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को दर्शाया गया है. इसमें मुख्य विपक्षी दल ने दावा किया कि सत्तारूढ़ पार्टी समाज में खाई पैदा कर रही है और लोगों को बांट रही है. कांग्रेस ने इस वीडियो के माध्यम से दर्शाया है कि ‘भाजपा द्वारा लगाए गए नफरत के बाजार’ को हटाकर राहुल गांधी ‘मोहब्बत की दुकान’ खोल रहे हैं. उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान कई मौकों पर यह भी कहा कि वह ‘नफरत के बाजार’ में ‘मोहब्बत की दुकान’ खोल रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu