केजरीवाल ने दिल्ली में ‘जंगलराज’ बताया, लेखी ने किया पलटवार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 Jun 2023 08:50 PM
केजरीवाल ने दिल्ली में ‘जंगलराज’ बताया, लेखी ने किया पलटवार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में प्रगति मैदान के नजदीक स्थित अंडरपास में हुई लूटपाट की घटना की पृष्ठभूमि में मंगलवार को कानून व्यवस्था के मुद्दे पर केंद्र सरकार और उप राज्यपाल पर निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि ऐसे समय में जब दिल्ली जी-20 सम्मेलन की तैयारी कर रही है, यहां ‘जंगल राज’ कायम है. केजरीवाल ने दावा किया कि अगर दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को यहां की कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी दे दी जाए तो वह इसे देश का सबसे ‘सुरक्षित शहर’ बना देगी.

केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने पलटवार करते हुए दावा किया कि केजरीवाल अपने भ्रष्ट मंत्रियों और विधायकों को बचाने के लिए शहर की कानून व्यवस्था पर नियंत्रण चाहते हैं. उल्लेखनीय है कि प्रगति मैदान के नजदीक अंडरपास में चार मोटरसाइकिल सवारों ने बंदूक दिखाकर एक आपूर्ति कंपनी के प्रतिनिधि और उसके साथी से दो लाख रुपये लूट लिए थे. शनिवार की इस घटना के सिलसिले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

इले्ट्रिरक वाहन चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन करने के लिए आयोजित कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बातचीत में केजरीवाल ने कहा, ”ऐसा प्रतीत होता है कि केंद्र सरकार के पास दिल्ली में कानून व्यवस्था को सुधारने के लिए कोई ठोस योजना नहीं है.” मुख्यमंत्री ने कहा, ”चार लोगों ने प्रगति मैदान अंडरपास के पास लूटपाट को अंजाम दिया. जी-20 शिखर सम्मेलन अंडरपास के नजदीक होगा. दिल्ली में लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. यह ‘जंगल राज’ है.”

उन्होंने एक अन्य घटना का हवाला देते हुए सवाल किया, ”दिल्ली में क्या हो रहा है? क्या राष्ट्रीय राजधानी में कानून व्यवस्था की स्थिति ऐसी होनी चाहिए?” उप राज्यपाल पर ‘आप’ सरकार के कामकाज में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाते हुए केजरीवाल ने कहा, ”मौजूदा (कानून व्यवस्था की) स्थिति के लिए एक ही कारण जिम्मेदार है और वह यह है कि केंद्र और उप राज्यपाल अपनी सारी ऊर्जा दिल्ली सरकार के कामों में रोड़ा अटकाने में लगा रहे हैं.”

उन्होंने कहा, ”वे हमारे स्कूलों, मोहल्ला क्लीनिक, जलापूर्ति और बिजली से जुड़े कार्यों को रोकने के तरीके के बारे में सोचते हैं. मैं उनसे अनुरोध करता हूं कि वे हमें काम करने दें और वे अपना काम करें. अगर वे कानून व्यवस्था नहीं संभाल सकते तो यह जिम्मेदारी हमें दे दें. हम दिल्ली को देश का सबसे सुरक्षित शहर बनाएंगे.” मुख्यमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए लेखी ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ”अरविंद केजरीवाल ऐसी सरकार चला रहे हैं जहां (पूर्व) उप मुख्यमंत्री (मनीष सिसोदिया) भ्रष्टाचार के लिए जेल में हैं. उनके (पूर्व) मंत्री सत्येंद्र जैन हाल में जमानत पर आये हैं.”

उन्होंने कहा, ”40 से अधिक विधायक भ्रष्टाचार और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हैं. ताहिर हुसैन उत्तर पूर्व दिल्ली के दंगों में आसूचना ब्यूरो (आईबी) के एक अधिकारी की हत्या में शामिल था, वहीं अमानतुल्ला खान सिलेंडर चुराकर उन्हें ओखला में जमा करा रहे थे. मुझे लगता है कि इन सभी अपराधियों को बचाने के लिए वह (केजरीवाल) कानून व्यवस्था अपने हाथ में चाहते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu