कोटा में नीट की तैयारी कर रहे किशोर ने आत्महत्या की, 24 घंटे में दूसरा मामला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 28 Jun 2023 08:21 PM
कोटा में नीट की तैयारी कर रहे किशोर ने आत्महत्या की, 24 घंटे में दूसरा मामला
ऑडियो सुनें

कोटा. राजस्थान के कोटा शहर में नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय विद्यार्थी ने अपने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. यह 24 घंटे में यहां कोचिंग ले रहे किसी छात्र की आत्महत्या का दूसरा मामला है. विज्ञान नगर पुलिस थाने के सर्कल इंस्पेक्टर (सीआई) देवेश भारद्वाज ने बताया कि किशोर की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर शहर निवासी आदित्य सेठ के रूप में की गयी है. वह मंगलवार रात को कोटा के सेक्टर-2 में अपने पीजी (अतिथि गृह) के कमरे में फंदे से लटका मिला.

उन्होंने बताया कि 11वीं कक्षा का छात्र सेठ पिछले दो महीने से एक कोचिंग संस्थान में राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कर रहा था और पीजी में रहता था. भारद्वाज ने बताया कि पुलिस को उसके कमरे से सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें उसने दावा किया कि वह अपनी मर्जी से खुदकुशी कर रहा है और इसके लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं है.

सेठ के माता-पिता बुधवार सुबह कोटा पहुंचे. उन्होंने मीडिया को बताया कि आदित्य पढ़ाई में अच्छा था. वह रोज फोन पर उनसे बात करता था लेकिन उसने कभी नहीं बताया कि वह तनाव में है. उन्होंने बताया कि उसके बड़े भाई ने भी कोटा में पढ़ाई की है और अब वह इंजीनियर है.

देश के कोचिंग हब कोटा में किसी छात्र की संदिग्ध आत्महत्या का इस साल यह 14वां मामला है. कोटा में 2022 में कोचिंग छात्रों की आत्महत्या के कम से कम 15 मामले आए थे. पुलिस ने बताया कि इससे पहले, मंगलवार सुबह मेडिकल परीक्षा की तैयारी कर रहे 18 वर्षीय मेहुल वैष्णव ने इसी इलाके में अपने हॉस्टल के कमरे में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. वह उदयपुर का रहने वाला था.
उसके परिवार ने मीडिया को बताया कि वैष्णव भी पढ़ाई में काफी अच्छा था और उसने 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 85 फीसदी अंक हासिल किए थे. पुलिस ने दोनों शव बुधवार सुबह उनके परिवार के सदस्यों को सौंप दिए और मामले दर्ज किए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu