विदेशों में राहुल गांधी के कार्यक्रमों का आयोजन भारत-विरोधी ताकतें करती हैं: अनुराग ठाकुर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 29 Jun 2023 06:49 PM
विदेशों में राहुल गांधी के कार्यक्रमों का आयोजन भारत-विरोधी ताकतें करती हैं: अनुराग ठाकुर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विदेश में कार्यक्रम ‘भारत-विरोधी ताकतों’ द्वारा आयोजित किए जाते हैं, जो देश के खिलाफ षडयंत्र रचते हैं. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने यहां संवाददाताओं से कहा कि गांधी और कांग्रेस पार्टी को देश को बताना चाहिए कि ऐसे तत्व उनके साथ क्यों जुड़े हुए हैं. भाजपा के इस आरोप पर कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

ठाकुर मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर भाजपा के संपर्क अभियान ‘संपर्क से समर्थन’ से इतर संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे. उन्होंने कहा, ”कांग्रेस की सोच तब स्पष्ट होती है जब राहुल गांधी विदेश यात्रा करते हैं…और किसके समर्थन से उनके कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं? …किन लोगों के नाम उन संगठनों से जुड़े हैं जो भारत के खिलाफ एजेंडा चलाते हैं. और कौन उन्हें धन देता है? …जो भारत को तोड़ने की बात करते हैं, जो ऐसे अभियानों का वित्त-पोषण कौन करते हैं.” ठाकुर ने दावा किया कि शाहीन बाग मामले में ‘भारत के खिलाफ जहर उगलने वालों’ के लिए धन मुहैया कराया गया.

उन्होंने कहा कि विदेशों में राहुल गांधी के कार्यक्रमों का आयोजन वे लोग करते हैं, जिन्हें उन तत्वों से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से धन और समर्थन मिलता है. मंत्री ने आरोप लगाया, ”जो लोग पाकिस्तान की प्रशंसा करते हैं और देश के खिलाफ एजेंडा चलाते हैं, वे राहुल गांधी का समर्थन करते हैं और उनके कार्यक्रम आयोजित करते हैं.”

उन्होंने कहा, ”इसलिए, मेरा राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी से सवाल है कि ऐसी कौन सी बेबसी है कि उन्हें भारत-विरोधी ताकतों से समर्थन और सहायता प्राप्त करनी है… उनके निमंत्रण को स्वीकार करना है और उनके मंच पर राहुल गांधी देश के खिलाफ आवाज उठाते हैं.” भाजपा विदेशों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयानों की अक्सर आलोचना करती रही है.
उन्होंने कहा, ”ये भारत-विरोधी ताकतें… वे कांग्रेस और राहुल गांधी से क्यों जुड़े हैं और उनका एजेंडा क्या है, यह देश को स्पष्ट करें.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu