राकांपा का महाराष्ट्र सरकार में शामिल होना शिंदे के मुख्यमंत्री पद खोने की शुरुआत : संजय राउत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Jul 2023 08:37 PM
राकांपा का महाराष्ट्र सरकार में शामिल होना शिंदे के मुख्यमंत्री पद खोने की शुरुआत : संजय राउत
ऑडियो सुनें

मुंबई. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने रविवार को कहा कि महाराष्ट्र सरकार में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता अजित पवार को उपमुख्यमंत्री के रूप में शामिल करना एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री पद खोने की प्रक्रिया की शुरुआत है.

मुंबई में पत्रकारों से बातचीत में राउत ने दावा किया कि महाराष्ट्र को जल्द ही एक नया मुख्यमंत्री मिलेगा. एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के तहत राकांपा के वरिष्ठ नेता अजित पवार ने रविवार को एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में उपमुख्यमंत्री पद की, जबकि पार्टी के आठ अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली.

राउत ने कहा, ”यह (शपथ ग्रहण समारोह) एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री पद खोने की शुरुआत है. उनके विधायक सदन के सदस्य के रूप में अयोग्य घोषित कर दिए जाएंगे. इसके बाद भी (भाजपा के) सत्ता में बने रहने के लिए, अजित पवार और राकांपा विधायक सरकार में शामिल हो गए हैं.”

राउत ने यह भी कहा कि राकांपा का सरकार में शामिल होना और पार्टी में बगावत कोई राजनीतिक भूकंप नहीं है. उन्होंने कहा, ”इस घटनाक्रम को ट्रिपल इंजन (सरकार के आकार लेने) के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए… दो इंजन में से एक विफल होने वाला है.” यह पूछे जाने पर कि क्या राकांपा प्रमुख शरद पवार को इस घटनाक्रम की जानकारी थी, राउत ने कहा, ”उन्हें इसके बारे में सारी जानकारी थी.” राज्यसभा सदस्य ने कहा, ”लेकिन आपको भाजपा नेताओं से पूछना चाहिए, जो भ्रष्टाचार को लेकर हर दिन राकांपा नेताओं की आलोचना करते हैं.”

शरद पवार विचलित नहीं हैं- संजय राउत
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार अपनी पार्टी में टूट से विचलित नहीं हैं और नये सिरे से शुरुआत कर सकते हैं. राउत ने एक ट्वीट में कहा, ”मैंने अभी राकांपा प्रमुख शरद पवार से बात की. उन्होंने कहा कि वह दृढ. हैं और लोगों का समर्थन हमारे साथ है. हम उद्धव ठाकरे के साथ एक नई शुरुआत कर सकते हैं.” उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के लोग इस तरह के ”सर्कस” को लंबे समय तक बर्दाश्त नहीं करेंगे. राकांपा नेता अजित पवार, मुख्यमंत्री शिंदे और भारतीय जनता पार्टी के स्पष्ट संदर्भ में राउत ने कहा, ”ऐसा लगता है कि कुछ लोग महाराष्ट्र की राजनीति को पूरी तरह से खराब करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. उन्हें उनके चुने हुए रास्ते पर आगे बढ.ने दें.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu