सिब्बल ने महाराष्ट्र के घटनाक्रम को लेकर साधा मोदी पर निशाना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Jul 2023 08:06 PM
सिब्बल ने महाराष्ट्र के घटनाक्रम को लेकर साधा मोदी पर निशाना
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/श्रीनगर. राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने रविवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता अजित पवार के महाराष्ट्र सरकार में शामिल होने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि शायद इसी “लोकतंत्र की जननी” का उन्होंने (मोदी ने) अमेरिकी संसद में अपने संबोधन में उल्लेख किया था.

एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के तहत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता अजित पवार रविवार को एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में उपमुख्यमंत्री के रूप में शामिल हो गए. राजभवन में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल रमेश बैस ने जहां पवार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई, वहीं राकांपा के आठ अन्य नेताओं ने सरकार में मंत्री पद की शपथ ली. महाराष्ट्र सरकार में शिवसेना और भाजपा गठबंधन में हैं.

सिब्बल ने एक ट्वीट में अजित पवार के राकांपा के अन्य नेताओं के साथ शपथग्रहण का जिक्र करते हुए कटाक्ष किया, ”मुझे लगता है कि इसी लोकतंत्र की जननी के बारे में मोदी जी अमेरिकी कांग्रेस में अपने संबोधन में बात कर रहे थे.” मोदी ने पिछले महीने अमेरिकी कांग्रेस में अपने संबोधन में कहा था ”लोकतांत्रिक भावना के विकास में भारत लोकतंत्र की जननी है.”

अजित पवार के महाराष्ट्र सरकार में शामिल होने पर महबूबा ने कहा, भाजपा विधायक खरीदने में जुटी

महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में राकांपा नेता अजित पवार को शामिल किए जाने के बाद पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि सत्ताधारी पार्टी ”विधायक खरीदने में जुटी है”.

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता अजित पवार पार्टी के आठ अन्य लोगों के साथ रविवार को एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में शामिल हो गए. मुंबई स्थित राजभवन में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल रमेश बैस ने पवार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई, जबकि राकांपा के आठ अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली.

महबूबा ने ट्वीट किया, ”भाजपा ने जिस तरह से महाराष्ट्र में बार-बार लोकप्रिय जनादेश को कमजोर किया है, उसकी निंदा करने के लिए कोई शब्द नहीं है. लोकतंत्र की न केवल हत्या की जा रही है, बल्कि वे ऐसे घृणित कृत्यों को छिपाने के लिए राष्ट्रगान का उपयोग कर रहे हैं.”

महाराष्ट्र के सियासी घटनाक्रम पर कांग्रेस ने कहा- भाजपा की ‘वाशिंग मशीन’ फिर से चालू हो गई
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता अजित पवार और पार्टी के आठ अन्य विधायकों के रविवार को एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में शामिल होने के बाद कांग्रेस ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की “वाशिंग मशीन” फिर से चालू हो गई है क्योंकि इनमें से कई नेता भ्रष्टाचार के संगीन आरोपों का सामना कर रहे थे और अब इन्हें “क्लीन चिट” मिल गई है.

रविवार को राकांपा को तोड़कर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले अजित पवार ने कहा कि उनकी पार्टी ने देश के विकास के लिए एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार का हिस्सा बनने का फैसला किया. अजित पवार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की. राकांपा के आठ नेताओं ने भी मंत्रिपद की शपथ ली.

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “भाजपा की ‘वॉशिंग मशीन’ स्पष्ट रूप से फिर चालू हो गई है. महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल हुए कई नए सदस्य भ्रष्टाचार के संगीन आरोपों का सामना कर रहे थे. ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग के अधिकारी उनके पीछे पड़े थे. अब उन सभी को क्लीन चिट मिल गई है.” रमेश ने कहा कि कांग्रेस महाराष्ट्र को भाजपा के चंगुल से मुक्त कराने के अपने प्रयास तेज करेगी. कांग्रेस महा विकास आघाड़ी गठबंधन का हिस्सा है, जिसमें शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और राकांपा भी शामिल हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu