भाजपा ने साल के अंत में होने वाले छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र समिति गठित की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Jul 2023 07:38 PM
भाजपा ने साल के अंत में होने वाले छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र समिति गठित की
ऑडियो सुनें

रायपुर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने छत्तीसगढ़ में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के घोषणापत्र का मसौदा तैयार करने के वास्ते रविवार को 31 सदस्यीय समिति का गठन किया. भाजपा वर्ष 2018 में कांग्रेस के हाथों सत्ता गंवाने से पहले 15 साल तक छत्तीसगढ़ में सत्ता में थी.

पार्टी के एक नेता ने कहा कि भाजपा की छत्तीसगढ़ इकाई के प्रमुख अरुण साव द्वारा गठित समिति की अध्यक्षता लोकसभा सदस्य विजय बघेल करेंगे और इसमें विधायक शिवरतन शर्मा, पूर्व सांसद रामविचार नेताम और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल सह-संयोजक होंगे.
उन्होंने कहा, ”विधायक कृष्णमूर्ति बांधी और रंजना साहू, पूर्व मंत्री लता उसेंडी, चंद्रशेखर साहू और महेश गागड़ा तथा आईएएस से नेता बने ओ.पी. चौधरी शेष 27 सदस्यों में शामिल हैं.” राज्य के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समूहों में से एक कुर्मी समुदाय से आने वाले बघेल दुर्ग संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं.

वर्ष 2003 से 2018 के बीच रमन सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल में भाजपा छत्तीसगढ़ की सत्ता में थी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पांच जुलाई को राज्य के भाजपा नेताओं के साथ बैठक की थी, जिसके बाद पार्टी में चुनावी तैयारियों से संबंधित महत्वपूर्ण घटनाक्रम देखे जा रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu