बिजली की स्थिति पूरे देश में गंभीर, दिल्ली सरकार किसी तरह संभाल रही है हालात : केजरीवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 29 Apr 2022 06:29 PM
बिजली की स्थिति पूरे देश में गंभीर, दिल्ली सरकार किसी तरह संभाल रही है हालात : केजरीवाल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को कोयले की ‘‘भीषण कमी’’ को रेखांकित करते हुए दावा किया कि कई बिजली संयंत्रों में सिर्फ एक दिन का भंडार बचा है और राष्ट्रीय राजधानी में विद्युत आपूर्ति बाधित होने की चेतावनी दी. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी कहा कि हालात को किसी तरह संभाला जा रहा है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के सामने विद्युत संकट के समाधान के लिए त्वरित और ठोस कदम उठाने की जरूरत है. दिल्ली के ऊर्जा मंत्री सत्येंद्र जैन ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि पर्याप्त संख्या में रेलवे रेक (डिब्बों) की अनुपलब्धता के कारण कोयले की ‘‘बेहद कमी’’ है और चेतावनी दी कि अगर बिजली संयंत्र बंद हो जाते हैं तो आपूर्ति में ‘‘कठिनाई’’ हो सकती है.

राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (एनटीपीसी) ने अपने संयंत्रों में कोयले की कमी के दिल्ली सरकार के दावों के जवाब में एक ट्वीट में कहा कि वर्तमान में राष्ट्रीय राजधानी को बिजली की आपूर्ति करने वाले ऊंचाहार और दादरी बिजली स्टेशन पूरी क्षमता से चल रहे हैं और ‘‘नियमित’’ कोयले की आपूर्ति प्राप्त कर रहे हैं.

एनटीपीसी ने ट्वीट किया, ‘‘दादरी की सभी छह इकाइयां और ऊंचाहार की 5 इकाइयां पूरी क्षमता से चल रही हैं और नियमित कोयला आपूर्ति प्राप्त कर रही हैं. वर्तमान भंडार क्रमश: 1,40,000 मीट्रिक टन और 95,000 मीट्रिक टन है और आयातित कोयले की आपूर्ति भी होने वाली है.’’ केजरीवाल ने हालांकि दावा किया कि पूरे देश में बिजली की स्थिति बेहद गंभीर है.

केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘देश भर में बिजली की भारी समस्या हो रही है. अभी तक दिल्ली में हम किसी तरह से प्रबंधन कर रहे हैं. पूरे भारत में स्थिति बेहद गंभीर है. हम सबको मिलकर जल्द ही इसका समाधान निकालना होगा. इस समस्या से निपटने के लिए त्वरित ठोस कदम उठाने की जÞरूरत है.’’ एनटीपीसी ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘वर्तमान में ऊंचाहार और दादरी स्टेशन, ग्रिड को 100% से अधिक रेटेड क्षमता की घोषणा कर रहे हैं. ऊंचाहार में इकाई- 1 को छोड़कर ऊंचाहार और दादरी की सभी इकाइयां पूरे लोड पर चल रही हैं. ऊंचाहार की इकाई-1 में वार्षिक नियोजित रखरखाव का काम चल रहा है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu