आस्था की यात्रा : उत्तर प्रदेश का पुजारी करीब 700 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचा अमरनाथ की पवित्र गुफा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 18 Jul 2023 08:35 PM
आस्था की यात्रा : उत्तर प्रदेश का पुजारी करीब 700 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचा अमरनाथ की पवित्र गुफा
ऑडियो सुनें

पुलवामा. उत्तर प्रदेश के एक पुजारी ने करीब 700 किलोमीटर से अधिक की दूरी पैदल तय कर दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन किये. सहारनपुर जिले के बधू गांव के रहने वाले राहुल शर्मा ने कहा कि वह घर वापस जाते समय उत्तराखंड में केदारनाथ के दर्शन करेंगे. उन्होंने 30 मई को अपनी यात्रा शुरू की थी और 11 जुलाई को पवित्र गुफा में दर्शन किए.

शर्मा ने बताया कि कि उन्होंने पहलगाम मार्ग से पवित्र गुफा तक पहुंचने की कठिन यात्रा शुरू करने से पहले जम्मू क्षेत्र में त्रिकूटा की पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णोदेवी मंदिर में भी दर्शन किए. हाथ में तिरंगा लेकर पैदल यात्रा कर रहे शर्मा ने यहां ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”मैं सबसे पहले माता वैष्णो देवी मंदिर गया और वहां से अमरनाथ गुफा मंदिर गया. मैंने पहलगाम के रास्ते यात्रा शुरू की थी.” अमरनाथ यात्रा दो मार्गों पहलगाम और बालटाल के रास्ते की जाती है. दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम मार्ग से गुफा मंदिर तक पहुंचने में दो दिन लगते हैं.

हालांकि, शर्मा ने पवित्र गुफा से वापसी के लिए मध्य कश्मीर के गांदेरबल जिले से होकर गुजरने वाले बालटाल मार्ग का सहारा लिया.
वह अब उत्तराखंड के केदारनाथ स्थित भगवान शिव के मंदिर के दर्शन करने के वास्ते पैदल निकल चुके हैं. शर्मा ने कहा, ”मेरी इच्छा थी कि मैं राष्ट्रीय ध्वज लेकर चलूं. मैं कश्मीर को देखना चाहता था जहां के बारे में लोग कहते हैं कि हालात खराब है, लेकिन मुझे ऐसा कुछ महसूस नहीं हुआ. स्थिति यहां अच्छी है.” उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग बहुत ही सहयोग करने वाले हैं. शर्मा ने कहा, ”कश्मीर के स्थानीय लोगों ने बहुत मदद की. केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भी मेरा सहयोग किया व मेरी सुरक्षा की.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu