उज्जैन में धार्मिक जुलूस पर थूकने की घटना: तीन आरोपियों के मकानों के अवैध हिस्से ढहाए गए

उज्जैन. उज्जैन में एक धार्मिक जुलूस पर कथित रूप से ‘थूकने’ के आरोप में पुलिस द्वारा पकड़े गए तीन लोगों की संपत्तियों के अवैध हिस्सों को बुधवार को नगर निगम अधिकारियों ने ध्वस्त कर दिया. पुलिस ने यह जानकारी दी. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आकाश भूरिया ने कहा कि स्थानीय अधिकारियों ने डाबा रोड, टंकी चौक और गोल्ड बेकरी के पास स्थित तीन आरोपियों की संपत्तियों के अवैध हिस्सों को ध्वस्त कर दिया.

उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा आरोपियों खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद उनकी सूची उज्जैन नगर निगम को दी गई थी. भूरिया ने कहा, “निगम को उनके मकानों में अवैध निर्माण मिला, जिसे सामान हटाने की घोषणा करने के बाद ढहा दिया गया.” पुलिस ने सोमवार को हुई ‘थूकने’ की घटना के संबंध में तीनों के खिलाफ सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के तहत मामला दर्ज किया था.

भूरिया ने कहा कि तीन में से दो आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया और बाल सुधार गृह भेज दिया गया, जबकि तीसरे आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. शिकायत के मुताबिक सोमवार को बाबा महाकाल की सवारी के जुलूस में शामिल कुछ लोगों ने कुछ युवाओं को एक इमारत की बालकनी पर खड़े होकर जुलूस में शामिल लोगों पर पानी थूकते देखा. भूरिया ने कहा था कि बाद में जुलूस में शामिल लोगों ने युवाओं का वीडियो बनाया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. इससे पहले इस घटना के बाद हिंदू संगठनों ने खाराकुआ पुलिस स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन किया था.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button