ज्ञानवापी मुद्दे पर आंदोलन की कोई योजना नहीं, न्यायपालिका में विश्वास है : विहिप

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 28 Jul 2023 07:03 PM
ज्ञानवापी मुद्दे पर आंदोलन की कोई योजना नहीं, न्यायपालिका में विश्वास है : विहिप
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने शुक्रवार को कहा कि ज्ञानवापी मस्जिद मुद्दे पर वह कोई आंदोलन नहीं करेगा क्योंकि उसे विश्वास है कि इस मामले में न्यायपालिका से सकारात्मक फैसला आएगा. विहिप ने एक बयान जारी करके कहा कि सोशल मीडिया पर सूचना प्रसारित करके ऐसा दावा किया जा रहा है कि विहिप राम जन्मभूमि आंदोलन की तरह ही काशी विश्वनाथ मंदिर के मॉडल के साथ पूरे देश में जनजागरुकता आंदोलन चलाएगा.

विहिप के केन्द्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने इस मुद्दे पर कहा कि मामला न्यायपालिका के समक्ष सुनवाई के लिए लंबित है और संगठन को न्यायपालिका पर पूर्ण विश्वास है. कुमार ने कहा, ”हमारा मामला न्यायसंगत और सही है. हमें पूर्ण विश्वास है कि अदालत के निर्णय में हमें इस संबंध में सफलता मिलेगी.” उनहोंने कहा, ”इसलिए, विहिप ने इस मुद्दे पर कोई जनजागरुकता अभियान या जनांदोलन नहीं चलाने का निर्णय लिया है.”

इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने बृहस्पतिवार को ज्ञानवापी सर्वेक्षण मामले में सुनवाई के बाद अपना निर्णय सुरक्षित रख लिया. अदालत तीन अगस्त को निर्णय सुनाएगी. मुख्य न्यायाधीश प्रीतिंकर दिवाकर की अदालत ने कहा कि तीन अगस्त तक एएसआई सर्वेक्षण पर लगी रोक बरकरार रहेगी. अदालत मस्जिद का प्रबंधन करने वाली अंजुमन इंतेजामिया मस्जिद द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई कर रही थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu