असम कांग्रेस के अध्यक्ष ने ‘लव जिहाद’ को भगवान कृष्ण से जोड़ने पर माफी मांगी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 28 Jul 2023 07:40 PM
असम कांग्रेस के अध्यक्ष ने ‘लव जिहाद’ को भगवान कृष्ण से जोड़ने पर माफी मांगी
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी. कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष भूपेन बोरा ने ‘लव जिहाद’ और भगवान कृष्ण के रुक्मिणी से संबंधों के बीच समानता बताने के लिए शुक्रवार को माफी मांगी. गोलाघाट जिले में सोमवार को 25 वर्षीय एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के कारण अपनी पत्नी और सास-ससुर की हत्या कर दी थी तथा बाद में पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने इसे ‘लव जिहाद’ का मामला बताया था क्योंकि पति मुस्लिम और पत्नी हिंदू थी.

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बोरा ने कहा था, ”प्यार और जंग में सब कुछ जायज है. हमारे प्राचीन ग्रंथों में कृष्ण का रुक्मणी को भगाकर ले जाने समेत कई कहानियां हैं और मुख्यमंत्री को आज के दौर में विभिन्न धर्मों तथा समुदायों के लोगों के बीच शादियों को लेकर विरोध का राग नहीं अलापना चाहिए.” शर्मा ने बोरा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बृहस्पतिवार को कहा था कि अगर धार्मिक भावनाओं को आहत करने को लेकर कोई बोरा के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराता है तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
बोरा ने अपने बयान की तीखी आलोचना होने के बाद माफी मांगी है.

उन्होंने पत्रकारों से कहा, “बीती रात सपने में मेरे दादा ने मुझसे कहा कि बयान गलत है और इसने राज्य के लोगों को आहत किया है.” बोरा ने कहा, “लिहाजा मैंने ‘नामघर’ (वैष्णव प्रार्थना कक्ष) में मिट्टी का दीपक, पान का पत्ता व सुपारी चढ़ाने और भगवान से माफी मांगने का फैसला किया है. मैं ऐसा इसलिए नहीं करूंगा क्योंकि मैं मुख्यमंत्री या भाजपा से डरता हूं, बल्कि इसलिए करूंगा क्योंकि इससे लोगों और सत्राधिकारों (वैष्णव आध्यात्मिक प्रमुखों) को ठेस पहुंची है.” भाजपा ने बोरा को नामघर में प्रवेश की अनुमति नहीं देने की मांग की है, जिस पर प्रतिक्रिया देते हुए बोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री को इसके बजाय ह्लपुलिस को मुठभेड़ में मुझे मार गिराने का निर्देशह्व देना चाहिए.

बोरा ने कहा, “मैं अपनी जान कुर्बान करने के लिए तैयार हूं. और मेरा परिवार कोई मामला दर्ज नहीं कराएगा, लेकिन मुझे प्रार्थना करने जाने से नहीं रोका जाना चाहिए.” इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने बोरा के खिलाफ राज्य के सभी जिलों में पुलिस शिकायत दर्ज कराई.

भाजयुमो के गुवाहाटी शहर अध्यक्ष निहार रंजन शर्मा ने पान बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें कहा गया है कि बोरा ने हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है. शर्मा ने कहा, “दरअसल, उन्होंने (बोरा) यह बयान इसलिए दिया है क्योंकि वह पार्टी के भविष्य को लेकर डरे हुए हैं, जो बिलकुल अंधकारमय है. हमें उम्मीद है कि भगवान उन्हें सद्बुद्धि देंगे और वह बेहतरी के लिए बदलाव करेंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu