बेंगलुरु. कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत को बृहस्पतिवार को कथित तौर पर ”देर” से पहुंचने की वजह से एअर इंडिया की सहयोगी कंपनी एआईएक्स कनेक्ट के विमान में सवार होने की अनुमति नहीं दी गई. राज्यपाल के कार्यालय ने इस संबंध में ” प्रोटोकॉल के उल्लंघन” की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद शुक्रवार को विमानन कंपनी ने माफी मांगी.
बृहस्पतिवार को गहलोत को विमान में चढ़ने की अनुमति नहीं दी गई और यह बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हो गया. राज्यपाल के प्रोटोकॉल अधिकारी एम. वेणुगोपाल ने इस घटना के लिए एआईएक्स कनेक्ट और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हवाई अड्डे के थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के अनुसार, गहलोत को बृहस्पतिवार अपराह्न दो बजकर पांच मिनट पर र्टिमनल-2 से एएक्सआई कनेक्ट की उड़ान संख्या आई5 972 में सवार होकर हैदराबाद जाना था.
शिकायत में कहा गया है, “राज्यपाल एक बजकर 10 मिनट पर राजभवन से रवाना हुए और एक बजकर 35 मिनट पर र्टिमनल-1 के वीआईपी लाउंज पहुंचे. उस समय तक राज्यपाल का सामान विमान में रखवा दिया गया था.” प्रोटोकॉल अधिकारी ने कहा कि उन्होंने हवाई अड्डे की अतिथि संबंध सहायक संस्कृति के साथ मिलकर राज्यपाल के लिए विमान में सवार होने की व्यवस्था की. अधिकारी ने कहा कि उन्होंने राज्यपाल के एडीसी को भी र्टिमनल-2 पर पहुंचने की सूचना दे दी थी. राज्यपाल अपराह्न दो बजकर छह मिनट पर विमान की सीढ़ी के पास पहुंचे.
शिकायत में आरोप लगाया गया है, “हालांकि एअर एशिया (एआईएक्स कनेक्ट) के कर्मचारी आरिफ ने राज्यपाल को विमान में सवार होने की अनुमति देने से इनकार करते हुए कहा कि पहुंचने में देर हुई है. हालांकि तब तक भी विमान के द्वार खुले हुए थे.” वेणुगोपाल ने कहा, “इसके अलावा, राज्यपाल का सामान उतार दिया गया, जिसमें 10 मिनट खराब हो गए. राज्यपाल तब भी सीढ़ी के पास खड़े थे और विमान के दरवाजे खुले थे. फिर भी विमान में सवार होने की अनुमति न देकर राज्यपाल की उपेक्षा और अपमान किया गया.”
उन्होंने कहा कि इसके बाद राज्यपाल वीआईपी लाउंज में लौट गए. सूत्रों ने कहा कि 90 मिनट बाद दूसरी उड़ान से राज्यपाल हैदराबाद पहुंचे. शिकायत में कहा गया है, “इस घटना से राज्यपाल काफी आहत हुए, जो कर्नाटक के प्रथम नागरिक हैं. उनके आधिकारिक कर्तव्य के निर्वहन में बाधा डालकर उनके प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया गया है. हम आपसे (एआईएक्स कनेक्ट के स्टेशन प्रबंधक) ज़किो सोरेस, आरिफ और एअर एशिया (एआईएक्स कनेक्ट) के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने का अनुरोध करते हैं. ”
विमानन कंपनी ने घटना पर खेद व्यक्त किया और कहा कि वे चिंताओं को दूर करने के लिए राज्यपाल के कार्यालय के संपर्क में हैं. एआईएक्स कनेक्ट के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, “हमें इस घटना पर गहरा अफसोस है. जांच कराई जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी. विमानन कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम राज्यपाल कार्यालय के संपर्क में है.”