IPL 2022: लखनऊ की दिल्ली पर रोमांचक जीत में राहुल और मोहसिन ने बिखेरी चमक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 01 May 2022 08:12 PM
IPL 2022: लखनऊ की दिल्ली पर रोमांचक जीत में राहुल और मोहसिन ने बिखेरी चमक
ऑडियो सुनें

मुंबई. कप्तान लोकेश राहुल की 77 रन की शानदार पारी के बाद मोहसिन खान (चार विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी से लखनऊ सुपर जाइंट्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के रोमांचक मुकाबले में रविवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स को छह रन से हराया. लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 195 रन बनाने के बाद दिल्ली की टीम को सात विकेट पर 189 रन पर रोक दिया. इस जीत के बाद लखनऊ के 10 मैचों में 14 अंक हो गये है और टीम तालिका में दूसरे स्थान पर है. दिल्ली के नौ मैचों में आठ अंक है.

दिल्ली के लिए कप्तान ऋषभ पंत (30 गेंद में 44 रन) , मिशेल मार्श (20 गेंद में 37 रन), रोवमैन पावेल (21 गेंद में 35 रन) और अक्षर पटेल (24 गेंद में नाबाद 42 रन) ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की लेकिन टीम लक्ष्य से छह रन दूर रह गयी. बड़े स्कोर वाले मैच में मोहसिन खान से चार ओवर में सिर्फ 16 रन देकर चार विकेट चटकाये और टीम की जीत की नींव रखी. उन्होंने डेविड वार्नर, पंत, पॉवेल और शारदुल ठाकुर के अहम विकेट लिये.

इससे पहले राहुल ने 51 गेंद की पारी में चार चौके और पांच छक्के लगाये. यह उनका सत्र का दूसरा अर्धशतक है. वह इस सत्र में दो शतक भी लगा चुके है. उन्होंने पहले विकेट के लिए ंिक्वटन डिकॉक (13 गेंद में 23 रन) के साथ 42 रन की साझेदारी करने के बाद दूसरे विकेट के लिए दीपक हुड्डा (52) के साथ 95 रन जोडे. हुड्डा ने 34 गेंद की पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया.
लखनऊ के लिए तीनों विकेट शारदुल ने लिये. उन्होंने चार ओवर में 40 रन दिये.

दुष्मंता चमीरा (44 रन पर एक विकेट) और मोहसिन ने शुरुआती तीन ओवरों में दिल्ली के दोनों सलामी बल्लेबाज पृथ्वी साव (पांच रन) और डेविड वार्नर (तीन रन) को पवेलियन की राह दिखा दी. इन झटकों का हालांकि कप्तान ऋषभ पंत और मिशेल मार्श पर कोई असर नहीं दिखा. दोनों ने अगले तीन ओवर में 53 रन जोड़ कर अपने इरादे जाहिर कर दिये.  पंत ने चौथे ओवर में कृणाल पंड्या के खिलाफ तीन चौके और एक छक्का जड़ा तो वहीं मार्श ने जेसन होल्डर के अगले ओवर में दो छक्के लगाने के बाद पावर प्ले के आखिरी ओवर में  चमीरा के खिलाफ छक्का और चौका जड़ा.

आठवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आये कृष्णप्पा गौतम (23 रन पर एक विकेट) की पहली गेंद पर विकेटकीपर डिकॉक ने मार्श का शानदार कैच पकड़ा. लखनऊ के गेंदबाजों ने इसके बाद कसी हुई गेंदबाजी की और इस दौरान नौवें ओवर में रवि बिश्नोई (28 रन पर एक विकेट) ने ललित यादव की तीन रन की पारी को खत्म किया.

पावेल ने 12वें ओवर में कृष्णप्पा के खिलाफ दो छक्के और चौका लगाकर जरूरी रन गति को कम किया इसके बाद मोहसिन खान ने 13वें ओवर में ऋषभ पंत और 17वें ओवर में पॉवेल के बाद शारदुल को आउट कर लखनऊ को तीन बड़ी सफलता दिलायी.
लखनऊ को आखिरी तीन ओवर में 46 रन की जरूरत थी लेकिन अक्षर और कुलदीप यादव (नाबाद 16) की जोड़ी लक्ष्य से छह रन दूर रह गयी.

दोपहर में टॉस जीतने के बाद बल्लेबाजी के लिए उतरे डिकॉक ने दूसरे ओवर में चेतन सकारिया के खिलाफ लगातार गेंदों पर छक्का और चौका जड़ा तो वहीं चौथे ओवर में राहुल ने यह कारनामा स्पिनर ललित के खिलाफ किया. इसी ओवर में राहुल को हालांकि जीवनदान भी मिला जब उनका तेज-तर्रार शॉट गेंदबाज के हाथों से निकल गया. राहुल उस समय 14 रन पर थे.   पांचवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आये शारदुल ने डिकॉक को आउट कर दिल्ली को पहली सफलता दिलायी.

राहुल और दीपक हुड्डा ने शानदार लय में चल रहे दिल्ली के स्पिनर कुलदीप  के खिलाफ बीच के ओवरों में आक्रामक रूख अपनाया. कुलदीप के शुरुआती दो ओवरों में दोनों ने तीन चौके और एक छक्का लगा. हुड्डा ने 11वें ओवर में अक्षर पटेल के खिलाफ छक्का लगाकर टीम के रनों का शतक पूरा किया.

राहुल ने 13वें ओवर में शारदुल के खिलाफ चौका और फिर एक रन लेकर 35 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया. अगले ओवर में हुड्डा ने भी 32 गेंद में सत्र का  अपना तीसरा पचासा पूरा किया लेकिन 15वें ओवर में शारदुल की गेंद पर उन्हें ही कैच थमा कर पवेलियन लौट गये.

इसके बाद क्रीज पर आए मार्कस स्टोइनिस (16 गेंद में नाबाद 17 रन) रन बनाने के लिए जूझ रहे थे तो वही राहुल ने 17वें ओवर में सकारिया और 19वें ओवर में शारदुल पर छक्के जड़े. इसी ओवर ललित यादव ने सीमा रेखा के पास शानदार कैच पकड़कर उनकी पारी को खत्म किया. स्टोइनिस ने आखिरी ओवर में मुस्ताफिजूर के खिलाफ छक्का लगाकर टीम के स्कोर को 190 के पार पहुंचाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu