हरियाणा हिंसा: 176 लोग गिरफ्तार, 93 प्राथमिकी दर्ज, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) ने बताया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 03 Aug 2023 08:01 PM
हरियाणा हिंसा: 176 लोग गिरफ्तार, 93 प्राथमिकी दर्ज, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) ने बताया
ऑडियो सुनें

चंडीगढ. हरियाणा में सांप्रदायिक झड़पों के सिलसिले में कुल 176 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 78 को एहतियातन हिरासत में लिया गया है. राज्य सरकार के एक शीर्ष अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) टी वी एस एन प्रसाद ने यह भी कहा कि नूंह में 46, गुरुग्राम में 23, फरीदाबाद में तीन, रेवाड़ी में तीन और पलवल में 18 प्राथमिकी समेत कुल 93 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं. प्रसाद ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, ”हमें स्थिति पर पैनी नजर बनाए रखना होगा. सोशल मीडिया पर भड़काऊ या गलत जानकारी नहीं फैलाई जानी चाहिए.”

उन्होंने कहा कि झड़प के लिए जिम्मेदार पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. प्रसाद ने कहा, ”जो कोई भी कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश करेगा, हम उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे.” प्रसाद ने कहा कि स्थिति तेजी से सामान्य हो रही है. उन्होंने कहा, ”मैं कहूंगा कि यह (स्थिति) सामान्य हुई है. हमारे पास पर्याप्त सुरक्षा बल हैं. केंद्र से अनुरोध किया गया और केंद्रीय बलों की 24 कंपनियां प्रदान की गईं.”

उन्होंने कहा कि नूंह में इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) की एक बटालियन तैनात की गई है. प्रसाद ने कहा, ”बहुत जल्द मेवात में हम रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) का केंद्र स्थापित करेंगे, जो स्थायी केंद्र होगा.” विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की यात्रा को रोकने के प्रयास को लेकर नूंह में हुई झड़प और पिछले कुछ दिनों में गुरुग्राम में हिंसा में होम गार्ड के दो जवानों और एक मौलवी सहित छह लोगों की मौत हो गई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu