विपक्षी दलों का गठबंधन देश को बर्बादी, सांप्रदायिक तनाव से बचाएगा: ममता बनर्जी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 03 Aug 2023 08:52 PM
विपक्षी दलों का गठबंधन देश को बर्बादी, सांप्रदायिक तनाव से बचाएगा: ममता बनर्जी
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन ‘इंडिया’ 2024 का लोकसभा चुनाव जीतने के बाद देश को बर्बादी, सांप्रदायिक तनाव और बेरोजगारी से बचाएगा. तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख बनर्जी ने आरोप लगाया कि इस बात के सबूत हैं कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चुनाव जीतने के अपने प्रयासों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को हैक करने की कोशिश कर रही है.

कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद बनर्जी ने यहां राज्य सचिवालय में संवाददाताओं से कहा, ”इंडिया 2024 का चुनाव जीतेगा और सरकार बनाएगा. इंडिया देश को बर्बादी, सांप्रदायिक तनाव और बेरोजगारी से बचाएगा.” मुख्यमंत्री ने कहा, ”वे (भाजपा) पहले से ही योजना बना रहे हैं (कि आम चुनाव कैसे जीता जाए). वे ईवीएम को हैक करने की कोशिश कर रहे हैं, हमने इस बारे में सुना है व सबूत हासिल किए हैं तथा और अधिक सबूत प्राप्त करने का प्रयास कर रहे हैं.”

बनर्जी ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा से मुकाबला करने के लिए गठित गठबंधन अपनी अगली बैठक में इस पर चर्चा करेगा. टीएमसी प्रमुख ने दावा किया कि भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का कोई मूल्य नहीं है, जबकि इंडिया (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) का अस्तित्व पूरे देश में है.

आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता राहुल सिन्हा ने कहा, ”पूरे देश ने देखा है कि चुनाव को कौन हैक करता है. वे हमेशा ऐसी शिकायतें करते रहेंगे. जब वे 2021 में जीते तो उन्होंने (टीएमसी) ईवीएम हैकिंग की शिकायत नहीं की.” बनर्जी ने मुर्शिदाबाद जिले के रंगम में द्वारका नदी पर बनाए गए एक पुल का उद्घाटन किया. दो-लेन का 105 मीटर लंबा यह पुल बरहमपुर को कांडी से जोड़ेगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu