चंडीगढ़. हरियाणा के पानीपत में रविवार को मोटरसाइकिल सवार नकाबपोश लोगों के एक समूह ने दो स्थानों पर कुछ दुकानों में कथित तौर पर तोड़फोड़ की और कुछ लोगों को घायल कर दिया. पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने पानीपत में दो स्थानों पर एक विशेष समुदाय के सदस्यों की दुकानों को निशाना बनाया.
पानीपत में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाद में इस सिलसिले में 15 लोगों को हिरासत में लिया गया और उनसे पूछताछ की जा रही है. उन्होंने कहा, ”हमलावरों की उम्र 20 से 25 साल है और वे मोटरसाइकिल से आये थे और उन्होंने नकाब पहने हुए थे.” इससे पूर्व पुलिस ने बताया था कि कुछ दिन पहले, कुछ अज्ञात लोगों ने पानीपत में एक दुकान में तोड़फोड़ की थी. यह दुकान नूंह में हिंसा में मारे गए एक व्यक्ति के घर के निकट स्थित थी.
अधिकारी ने बताया कि रविवार की हिंसा में तीन से चार लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं. पुलिस ने बताया कि युवकों ने अचानक हमला कर दिया और भाग गये. विश्व हिंदू परिषद की जलाभिषेक यात्रा को रोकने की कोशिश को लेकर नूंह में हुई हिंसा बाद में गुरुग्राम तक फैल गई थी. हिंसा की घटनाओं में दो होमगार्ड और एक इमाम समेत छह लोगों की मौत हुई थी.