
चंडीगढ़ः पाकिस्तान सीमा पार से अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है. ऐसे अवसर पर जब दोनों देश अपना-अपना स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं, ऐसे मौके पर भी सीमा पार से नापाक हरकतें थमने का नाम नहीं ले रहीं. बीएसएफ ने पठानकोट में सिंबल सकोल गांद के पास सीमा पर कुछ संदिग्ध गतिविधि देखी.
इसके बाद बीएसएफ के जवान अलर्ट हो गए. घुसपैठिया को BSF ने ललकारा और सरेंडर करने को कहा, लेकिन वह लगातार अपनी पोजिशन बदल रहा था. आखिर घुसपैठिया बीएसएफ की गोली से मारा गया.
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक अधिकारी ने बताया कि बीएसएफ जवानों ने पठानकोट के सिंबल सकोल गांव के निकट देर रात करीब साढ़े 12 बजे कुछ संदिग्ध गतिविधियां होती देखीं. उन्होंने बताया कि बीएसएफ जवानों ने घुसपैठिए से रुकने को कहा, लेकिन वह नहीं माना और उसने आगे बढ़ना जारी रखा. उन्होंने बताया कि बलों ने खतरे को भांपकर गोलीबारी की, जिसमें घुसपैठिए की मौके पर ही मौत हो गई. इससे पहले 11 अगस्त को बीएसएफ की कार्रवाई में तरन तारन जिले में भी अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक पाकिस्तानी घुसपैठिया मारा गया था.



